केन्याई नौसेना प्रमुख का भारत दौरा, समुद्री साझेदारी को सुदृढ़ करने का प्रयास


नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। एक ओर भारतीय नौसेना के समुद्री जहाज केन्याई नौसेना के साथ विभिन्न गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर केन्याई नौसेना के प्रमुख मेजर जनरल पॉल ओवुओर ओटेनियो भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। इस दौरे का उद्देश्य भारत और केन्या के बीच समुद्री सहयोग तथा द्विपक्षीय संबंधों को और सशक्त बनाना है।

सोमवार को नई दिल्ली में अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान मेजर जनरल ओटेनियो, भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इन चर्चाओं का केंद्रबिंदु संचालन संबंधी सहयोग, क्षमता निर्माण, संयुक्त प्रशिक्षण तथा भारत-केन्या समुद्री साझेदारी को और सुदृढ़ बनाना है।

इससे पहले सोमवार सुबह मेजर जनरल ओटेनियो ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वह गुड़गांव स्थित नौसेना के इन्फॉर्मेशन फ्यूजन सेंटर- इंडियन ओशन रीजन का भी दौरा करेंगे। वहीं, केन्या में भारतीय नौसेना के शिप पोर्ट कॉल के दौरान कई गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं।

केन्या में भारतीय समुद्री जहाजों पर उत्साहपूर्ण योग सत्र आयोजित किए गए। जहाज पर अग्निशमन और क्षति नियंत्रण अभ्यास किया गया। विभिन्न आयोजनों में भारतीय नौसेना और केन्याई नौसेना के संयुक्त बैंड प्रदर्शन शामिल रहे। यहां दोनों देशों की रंगारंग धुनों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

अपनी भारत यात्रा में केन्या के नौसेना प्रमुख प्रशिक्षण सहयोग को बढ़ाने की दिशा में, भारतीय नौसेना की दक्षिणी नेवल कमांड व कोच्चि स्थित प्रशिक्षण संस्थानों का भी अवलोकन करेंगे।

गौरतलब है कि केन्या नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की एक महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार है। उसने भारतीय पहल पर आयोजित बहुपक्षीय अभ्यास, इंडियन ओशन नेवल संगोष्ठी और कई अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई है।

अब मेजर जनरल पॉल ओटेनियो का यह दौरा भारत और केन्या की नौसेनाओं के बीच बढ़ते संबंधों का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो हिंद महासागर क्षेत्र में साझा हितों और सुरक्षा को बढ़ावा देगा।

इससे पहले अफ्रीका-इंडिया की मैरीटाइम एंगेजमेंट यानी ‘एइकीमी’ नौसैनिक अभ्यास में भी केन्याई नौसेना शामिल हुई थी। इस अभ्यास में भारत को केन्या समेत नौ महत्वपूर्ण अफ्रीकी देशों का साथ मिला था। भारत और अफ्रीकी देशों का यह संयुक्त अभ्यास समुद्री डाकुओं और हमलों के खिलाफ था।

भारत समेत विभिन्न देशों के बीच अफ्रीका में यह पहला नौसैनिक अभ्यास था। तंजानिया के दार-ए-सलाम में आयोजित इस अभ्यास में भारतीय नौसेना का गाइडेड मिसाइल विध्वंसक आईएनएस चेन्नई और लैंडिंग शिप टैंक आईएनएस केसरी तंजानिया पहुंचे थे।

–आईएएनएस

जीसीबी/एसके


Show More
Back to top button