'जैस हम स्वर्ग पहुंच गए,' टी20 विश्व कप में भारत की जीत पर खुशी से नम हुई कविता कृष्णमूर्ति की आंखें


मुंबई, 9 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर टीम इंडिया ने पूरे देश को दिल से खुशी मनाने का मौका दे दिया है।

न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम करना सिर्फ टीम इंडिया के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। हर कोई भारतीय टीम की जीत पर खुशी जाहिर कर रहा है। इस जीत के मौके पर भारतीय प्लेबैक सिंगर कविता कृष्णमूर्ति की आंखों में खुशी के आंसू आ गए।

भारतीय प्लेबैक सिंगर कविता कृष्णमूर्ति ने मीडिया के सामने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “कल तो मेरी आंखों में आंसू थे क्योंकि हमारी टीम ने इतना अच्छा खेला और हजारों की संख्या में लोगों की आवाजे कान में आ रही थी और ऐसे मौके पर नेशनल एंथम गाना था। ऐसा लग रहा था कि हम लोग स्वर्ग पहुंच गए। पूरी टीम को जीत की बहुत बधाई क्योंकि उनकी जीत बहुत शानदार थी और विपक्षी टीम को बहुत बुरे तरीके से हराया।”

उन्होंने आगे कहा, “टीम इंडिया कई मौकों पर जीती है, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में युवा खिलाड़ियों को मौका मिला और सभी ने दिल जीत लेने वाले प्रदर्शन किए। यही वजह है कि मैच को लेकर पूरा देश उत्साहित था। यह जीत सोच से परे थी। कविता ने बताया कि वह जसप्रीत बुमराह की बड़ी फैन हैं और उनकी बॉलिंग करने का तरीका उन्हें बहुत पसंद है।”

बता दें कि कविता कृष्णमूर्ति मैच देखने पहुंची थी और जीत से पहले उन्होंने नेशनल एंथम गाया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर मैच की कुछ फोटोज भी शेयर की थी। सिंगर ने नेशनल एंथम गाते हुए वीडियो भी पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था, “भारतीय टीम को इस शानदार जीत पर हार्दिक बधाई। आज टीम के लिए राष्ट्रगान गाना मेरे लिए बेहद खुशी की बात थी और अपने पति के साथ इस ऐतिहासिक जीत को देखना मेरे लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा। बधाई हो!”

कविता कृष्णमूर्ति बॉलीवुड की जानी-मानी सिंगर हैं। उन्होंने हिंदी सिनेमा को कई सुपरहिट गाने दिए हैं। उनके ‘सारे लड़कों की कर दो शादी,’ ‘नींद चुराई मेरी,’ ‘नायक नहीं खलनायक है तू,’ ‘छोटे-छोटे भाइयों के बड़े भैया,’ और निंबोड़ा सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं।

–आईएएनएस

पीएस/एएस


Show More
Back to top button