खामेनेई की हत्या के बाद कराची तीसरे दिन भी बंद
इस्लामाबाद, 4 मार्च (आईएएनएस)। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या के बाद हुए प्रदर्शन में 11 मौतों के मद्देनजर पाकिस्तान में मौजूदा सुरक्षा इंतजाम सख्त कर दिए गए हैं। इसी के चलते पाकिस्तान का कराची शहर बुधवार को भी लगातार तीसरे दिन भी बंद रहा।
खामेनेई की मौत के बाद अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कराची में कम से कम 11 प्रदर्शनकारी मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
पाकिस्तान स्थित जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, माई कोलाची रोड पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। हर तरफ ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात हैं। बोट बेसिन से माई कोलाची तक आने-जाने की अनुमति केवल उन निवासियों और दफ्तर जाने वालों को दी जा रही है, जो अपना पहचान पत्र दिखा रहे हैं।
जिन्ना ब्रिज और माई कोलाची की ओर सामान्य यातायात को रोकने के लिए पीआईडीसी ब्रिज पर शिपिंग कंटेनर रखे गए हैं। एमटी खान रोड से पीआईडीसी रोड और माई कोलाची की ओर यातायात रोकने के लिए भी बैरिकेड्स लगाए गए हैं, जहां पुलिस और रेंजर्स के जवान तैनात हैं।
इसी तरह, जिन्ना ब्रिज से माई कोलाची और पीआईडीसी रोड की ओर जाने वाली सड़कों को भी बंद कर दिया गया है। बिलावल हाउस और बोट बेसिन के पास रहने वाले लोगों को क्लिफ्टन ब्रिज के रास्ते मेट्रोपोल और आईआई चुंद्रीगर रोड की ओर जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने को कहा गया है।
कराची के कई इलाकों में ट्रैफिक और स्थानीय पुलिस अधिकारी तैनात हैं। अधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कर्मियों की तैनाती की गई है। लोग स्थिति जानने के लिए ट्रैफिक पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं।
पाकिस्तान में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए, इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास और लाहौर और कराची स्थित उसके वाणिज्य दूतावासों ने अस्थायी रूप से अपना संचालन निलंबित कर दिया है।
इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा, “मौजूदा सुरक्षा स्थिति के कारण इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास और लाहौर व कराची स्थित वाणिज्य दूतावासों ने 6 मार्च तक सभी वीजा नियुक्तियां रद्द कर दी हैं।”
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी