भारत-पाक मैच से पहले कनेरिया का बाबर पर हमला, बोले- विराट के जूते के बराबर भी नहीं है


नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान दो ऐसे देश हैं, जो हमेशा से न केवल अपनी भौगोलिक स्थिति से बल्कि रोमांचक क्रिकेट इतिहास से भी जुड़े हुए हैं।

पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली और पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम में से कौन बेहतर बल्लेबाज है, इस पर काफी समय से बहस होती आई है।

अब, टी20 विश्व कप 2024 में भारत और पाकिस्तान की टक्कर से पहले पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने बताया है कि विराट और बाबर में से कौन बेहतर है।

भारत-पाकिस्तान मैच से पहले कनेरिया ने आईएएनएस से कहा, “जैसे ही बाबर आजम शतक लगाते हैं, अगले दिन विराट कोहली से उनकी तुलना शुरू हो जाती है। वो विराट के जूते के बराबर भी नहीं हैं।”

दानिश ने आगे कहा, “यूएसए के गेंदबाजों के आगे बाबर की एक न चली, वह उन गेंदबाजों को खेलने में असमर्थ थे। जैसे ही वह 44 रन पर पहुंचे, वह आउट हो गए। उन्हें यह मैच जीतना चाहिए था। इस मुकाबले को पाकिस्तान को एकतरफा जीतना चाहिए था लेकिन उन्हें शर्मनाक हार झेलनी पड़ी।”

टूर्नामेंट का आगाज पाकिस्तान के लिए एक चौंकाने वाली हार के साथ शुरू हुआ। वे यूएसए से रोमांचक मुकाबले में हार गए। नतीजा सुपर ओवर में निकला था।

पाकिस्तान ने खेल के सभी पहलुओं में खराब प्रदर्शन किया, जिसमें उसके एक अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने सुपर ओवर में 18 रन दिए, जिसमें 7 अतिरिक्त रन शामिल थे।”

भारत-पाक मैच पर कनेरिया ने भविष्यवाणी की और कहा, “भारत पाकिस्तान को बुरी तरह हरा देगा। वे भारत को हराने में सक्षम नहीं हैं। जब भी पाकिस्तान विश्व कप में आता है, तो वह अपनी गेंदबाजी की प्रशंसा करता है। उसकी गेंदबाजी उसे खेल जिताएगी, लेकिन गेंदबाजी के चलते ही पाकिस्तान मैच हार गया।”

टी20 विश्व कप 2024 में रविवार को भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत होगी। आतंकी धमकी को देखते हुए इस महामुकाबले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहीं, यहां की ड्रॉप-इन पिचों को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। ऐसे में इस मैच को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है और पूरी दुनिया की नजर इस महामुकाबले पर है।

–आईएएनएस

एएमजे/एसकेपी


Show More
Back to top button