टाइगर श्रॉफ की बहन कृष्णा के लिए भिड़ गए काका, मुकाबले में विरोधियों को चटा दी धूल

मुंबई, 11 मार्च (आईएएनएस)। लोकप्रिय पंजाबी गायक, गीतकार और संगीतकार काका ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘द 50’ शो के पैलेस में हुई प्रतियोगिता का वीडियो शेयर किया, जहां वह और उनकी टीम की सदस्य कृष्णा श्रॉफ का मजबूत बॉन्ड और गेमप्ले देखने को मिल रहा है।
काका ने वीडियो शेयर करते हुए पोस्ट कैप्शन में लिखा, “खेंच देंगे मित्तर कृष्णा श्रॉफ!” पोस्ट में काका और कृष्णा एक रस्सी को पकड़कर आगे खींच रहे हैं। वहीं, शो के पैलेस में मौजूद कुछ प्रतिभागी रस्सी को पीछे से पकड़कर उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि वे बजर न दबा सकें। हालांकि, काका और कृष्णा बजर दबाने में सफल हो जाते हैं।
वीडियो में भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा के पति विक्रांत सिंह राजपूत के साथ पैलेस के अन्य सदस्य जैसे रजत दलाल, लवकेश कटारिया, अर्चना गौतम, मिस्टर फैजू (फैसल शेख), प्रिंस नरूला, दिग्विजय सिंह राठी, सपना चौधरी और अन्य कंटेस्टेंट नजर आ रहे हैं, जो दो ग्रुप में बटे हुए हैं।
एक ग्रुप काका और कृष्णा को बजर दबाने के लिए आगे बढ़ने को मोटिवेट कर रहे हैं। वहीं, दूसरा ग्रुप उनके ऑपोजिशन को सपोर्ट कर रहा है। काका के वीडियो पर कुछ ही घंटे में हजारों व्यूज और लाइक्स आ चुके हैं। फैंस को उनका गेम और कृष्णा के साथ बॉन्ड काफी पसंद आ रहा है।
वीडियो पर फैंस कमेंट्स के माध्यम से लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जहां एक यूजर लिखता है, “काका टास्क हारता ही नहीं है, कोई भी हो।” दूसरे यूजर ने लिखा, “साडे नाल पंगे, तेनु पता नहीं पंजाबी आ गए।” एक और यूजर कमेंट करता है, “काका भाई के आगे कोई बोल सकता है क्या?”
वीडियो पर शो से बाहर आ गए कंटेस्टेंट मैक्सटर्न (सागर ठाकुर) ने भी कमेंट किया है, जहां वह लिखते हैं, “मैक्सटर्न के बाद, काका सभी में सबसे शक्तिशाली।” इसके अलावा पोस्ट पर कुछ और मजेदार कमेंट्स हैं, जहां यूजर लिखते हैं, “कीड़ा मकोड़ा समझ रहे हो क्या भाई को? और आप किंग हो काका भाई।” इसी प्रकार पोस्ट पर काका के फैंस लगातार मजेदार कमेंट्स कर अपना प्यार लुटा रहे हैं।
बता दें कि एक फरवरी से शुरू हुआ ‘द 50’ एक नया और अनोखा रियलिटी शो है, जिसमें 50 मशहूर सेलेब्स और इन्फ्लुएंसर शामिल हुए। शो के पैलेस में सभी को एक साथ रहकर 50 दिनों तक 50 लाख रुपए की प्राइज मनी के लिए अलग-अलग मुकाबला करना पड़ रहा है।
‘द 50’ शो प्रतिदिन रात 9 बजे जिओ हॉटस्टार और कलर्स टीवी पर 10:30 बजे तक प्रसारित होता है। शो में सभी कंटेस्टेंट को एक नकाबपोश ‘लायन’ की निगरानी में सभी टास्क को करना होता है।
वहीं, कृष्णा श्रॉफ मशहूर अभिनेता जैकी श्रॉफ की बेटी और नए जेनरेशन के पॉपुलर एक्टर टाइगर श्रॉफ की छोटी बहन हैं, जो कि एक प्रसिद्ध भारतीय एंटरप्रेन्योर, फिटनेस इन्फ्लुएंसर और ‘मैट्रिक्स फाइट नाइट’ (एमएपएन) की संस्थापक हैं। कृष्णा ‘द 50’ से पहले ‘खतरों के खिलाड़ी 14’ जैसे रियलिटी शो में नजर आ चुकी हैं, जहां उनके फिटनेस और साहसी अंदाज को रोहित शेट्टी ने भी खूब सराहा था।
–आईएएनएस
डीके/डीकेपी