राहुल गांधी पर भड़के जीतन राम मांझी, कहा- विपक्ष ट्रेड डील को गलत तरीके से कर रहा प्रचारित

गया जी, 15 फरवरी (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के भारत-अमेरिका डील को भारत के किसानों के साथ विश्वासघात बताए जाने पर केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने जोरदार निशाना साधा।
केंद्रीय मंत्री मांझी ने रविवार को कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी जिस डील को किसानों के लिए नुकसानदेह बता रहे हैं, वह असल में अधिकांश लोगों के हित में है और विपक्ष इसे गलत तरीके से प्रचारित कर रहा है।
उन्होंने इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भड़कते हुए यहां तक कह दिया कि उनकी खोपड़ी उल्टी है।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री यहां एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। इस क्रम में जब उनसे मीडिया के लोगों ने राहुल गांधी द्वारा भारत-अमेरिका डील की आलोचना पर सवाल पूछा, तो जीतन राम मांझी ने कहा कि कल रात जब वे इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे थे, तो उन्हें एहसास हुआ कि राहुल गांधी की खोपड़ी ही उल्टी है।
उन्होंने कहा कि इससे करोड़ों किसानों का भविष्य जुड़ा है। इस डील से देश के 95 प्रतिशत लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। इस डील से हम लोगों को फायदा होगा।
मांझी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि महज 5 प्रतिशत मामलों में लेन-देन से जुड़ी कुछ दिक्कतें आ सकती है। 95 प्रतिशत लाभ हो रहा हो, तो छोटे से हिस्से की कमियों को आधार बनाकर पूरे बिल को खारिज करना सही नहीं है। पांच प्रतिशत तो सहन करना पड़ेगा, यह कौन सी बड़ी बात है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इसी पांच प्रतिशत को दिखाकर 95 प्रतिशत को नजरअंदाज कर रहे हैं।
बता दें कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अमेरिका के साथ हुए डील की लगातार आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने इस डील को किसानों के साथ विश्वासघात बताया है।
–आईएएनएस
एमएनपी/एएस