'धागे' म्यूजिक वीडियो में नजर आए जसवंत बोपन्ना, बोले- 'यह सिर्फ गाना नहीं, एक एहसास है'


मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। रियलिटी शो ‘स्प्लिट्सविला’ से अपनी अलग पहचान बनाने वाले जसवंत बोपन्ना आज युवाओं के बीच एक चर्चित चेहरा बन चुके हैं। रियलिटी शो में मिली लोकप्रियता के बाद अब वह म्यूजिक वीडियो की दुनिया में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। हाल ही में उनका नया म्यूजिक वीडियो ‘धागे’ रिलीज हुआ।

यह म्यूजिक वीडियो ‘धागे’ इमोशन्स से भरपूर गाना है, जो प्यार, दूरी और अनकही भावनाओं की कहानी को दिखाता है।

गाने को लेकर जसवंत बोपन्ना ने कहा, ”यह गाना मेरे दिल के बेहद करीब है। यह एक ऐसा एहसास है जिससे हर वह इंसान जुड़ सकता है जिसने कभी प्यार किया हो या किसी रिश्ते में दूरी महसूस की हो। आज के समय में कई रिश्ते ऐसे होते हैं जिनमें लोग एक-दूसरे से बहुत कुछ कहना चाहते हैं, लेकिन कई बातें दिल में ही रह जाती हैं। यह गाना उन्हीं अनकही भावनाओं और रिश्तों की जटिलताओं को दर्शाता है।”

जसवंत ने कहा, ”इस गाने पर काम करना मेरे लिए खास अनुभव रहा। इस प्रोजेक्ट में काम करते समय मुझे कई प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ सहयोग करने का मौका मिला। गाने को मशहूर गायक पापोन और मधुबंती बागची ने गाया है, जिन्होंने गाने की भावनाओं को बेहद खूबसूरती से पेश किया है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस गाने की कहानी और उसकी भावनाओं को महसूस करेंगे।”

इस गाने को मशहूर म्यूजिक कंपनी टिप्स म्यूजिक ने प्रोड्यूस किया है। गाने का संगीत शमीर टंडन ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल गीतकार समीर अंजन ने लिखे हैं। म्यूजिक वीडियो में जसवंत बोपन्ना के साथ अभिनेत्री अपूर्वा सोनी भी नजर आएंगी। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री गाने की कहानी को और भी असरदार बनाती है।

अगर जसवंत बोपन्ना के करियर की बात करें तो उन्होंने शुरुआत फिटनेस और मॉडलिंग से की थी। वह एक फिटनेस ट्रेनर के रूप में काम करते थे और कई फैशन ब्रांड्स के साथ मॉडलिंग प्रोजेक्ट्स में भी नजर आए। कैटलॉग शूट और प्रमोशनल कैंपेन के जरिए उन्होंने धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई। हालांकि, उन्हें असली लोकप्रियता रियलिटी शो एमटीवी रोडीज 2022 से मिली। इस शो ने उन्हें देशभर के युवाओं के बीच पहचान दिलाई और उनकी फैन फॉलोइंग तेजी से बढ़ने लगी।

इसके बाद जसवंत ने एक और बड़े रियलिटी शो ‘बिग बॉस कन्नड़ ओटीटी’ में हिस्सा लिया, जहां वह लगातार सुर्खियों में बने रहे। उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साल 2024 में आया, जब उन्होंने लोकप्रिय डेटिंग रियलिटी शो ‘एमटीवी स्प्लिट्सविला एक्स 5’ का खिताब जीता। इस शो में उन्होंने साथी प्रतियोगी आकृति नेगी के साथ मिलकर फिनाले में जीत हासिल की।

–आईएएनएस

पीके/डीकेपी


Show More
Back to top button