जयशंकर ने यूएई मंत्री रीम अल हाशिमी से की मुलाकात, पश्चिम एशिया संघर्ष और भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर की चर्चा


नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार को यूएई की अंतरराष्ट्रीय सहयोग मामलों की राज्य मंत्री रीम अल हाशिमी के साथ बैठक की। इस दौरान पश्चिम एशिया में संघर्ष से जुड़े नवीनतम घटनाक्रमों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए यूएई सरकार का धन्यवाद भी किया।

विदेश मंत्री जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “गुरुवार दोपहर यूएई की अंतरराष्ट्रीय सहयोग मामलों की राज्य मंत्री रीम अल हाशिमी से मिलकर प्रसन्नता हुई। भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए यूएई सरकार का धन्यवाद किया। पश्चिम एशिया में संघर्ष से संबंधित नवीनतम घटनाक्रमों पर चर्चा की।”

पश्चिम एशिया में संघर्ष 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद शुरू हुआ था। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई और शीर्ष सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई। इसके जवाब में ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिनमें उसने पश्चिम एशिया में अमेरिकी और इजरायली ठिकानों, क्षेत्रीय राजधानियों और सहयोगी बलों को निशाना बनाया।

इससे पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। पीएम मोदी ने यूएई पर हुए सभी हमलों की कड़ी निंदा दोहराई, जिनमें लोगों की जान गई और नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचा।

पीएम मोदी और शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने के महत्व पर भी सहमति जताई।

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “यूएई के राष्ट्रपति, मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की और अग्रिम ईद की शुभकामनाएं दीं। हमने पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। यूएई पर हुए उन सभी हमलों की कड़ी निंदा दोहराई, जिनमें निर्दोष लोगों की जान गई और नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचा।”

उन्होंने आगे कहा, “हमने होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने के महत्व पर सहमति जताई। हम क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।”

इससे पहले दोनों नेताओं ने एक मार्च को भी बातचीत की थी, जिसमें पीएम मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की निंदा की थी और कठिन समय में भारत की एकजुटता व्यक्त की थी।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Show More
Back to top button