'हीरो' की पहली शूटिंग से ही बन गई जैकी-मीनाक्षी की खास केमिस्ट्री, एक साल तक चेन्नई के थिएटर में चली थी फिल्म

मुंबई, 29 जुलाई (आईएएनएस)। साल 1983 में रिलीज हुई फिल्म ‘हीरो’ में जैकी श्रॉफ और मीनाक्षी शेषाद्रि की दमदार जोड़ी देखने को मिली थी। इस कड़ी में अब मीनाक्षी शेषाद्रि ने इस फिल्म से जुड़ा एक किस्सा साझा किया।
उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के पहले ही दिन से उनकी और जैकी श्रॉफ की केमिस्ट्री इतनी अच्छी बन गई थी कि इसका असर फिल्म की रोमांटिक कहानी पर साफ नजर आया।
डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ में पहुंचीं मीनाक्षी शेषाद्रि ने अपनी फिल्म ‘हीरो’ से जुड़ी यादें साझा कीं। शो में कंटेस्टेंट वैदेही और प्रतीक ने ‘हीरो’ के गाने पर शानदार डांस किया। इस परफॉर्मेंस को देखकर मीनाक्षी भावुक हो गईं और उन्होंने फिल्म के सफर से जुड़े कई अनसुने किस्से बताए।
मीनाक्षी ने बताया कि फिल्म को देश के दूसरे हिस्सों में भी काफी पसंद किया गया था। उन्होंने चेन्नई का एक खास किस्सा बताते हुए कहा कि उस समय वहां हिंदी फिल्मों को ज्यादा बढ़ावा नहीं मिलता था, लेकिन ‘हीरो’ ने वहां भी जबरदस्त सफलता हासिल की।
उन्होंने कहा, ”चेन्नई में एक थिएटर था, जिसका नाम पद्मा था। उस थिएटर में ‘हीरो’ लगातार करीब एक साल तक चली थी। यह अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड था। चेन्नई में रहने वाले उनके रिश्तेदार इस सफलता से बेहद खुश थे। मेरे रिश्तेदारों को गर्व महसूस हुआ कि उनके परिवार की बेटी ने इतना बड़ा मुकाम हासिल किया है।”
इस सफलता का श्रेय मीनाक्षी ने फिल्म के निर्देशक सुभाष घई को भी दिया। उन्होंने कहा, ”फिल्म को जिस तरह से बनाया गया और जिस तरह से किरदारों को पेश किया गया, उसमें निर्देशक सुभाष घई की अहम भूमिका थी। उन्होंने हमारे जोड़ी को इस तरह पेश किया कि हम दर्शकों के दिलों में बस गए।”
अभिनेत्री ने फिल्म की शूटिंग के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा, ”मुहूर्त के बाद एक जंगल का सेट तैयार किया गया था। इसी सेट पर फिल्म की पहली शूटिंग शुरू हुई थी। पहले ही दिन से जैकी श्रॉफ और मेरे बीच अच्छी दोस्ती हो गई। हमारी केमिस्ट्री इतनी अच्छी थी कि वह पर्दे पर भी नजर आई। आज भी लोग जैकी और मेरी जोड़ी को पसंद करते हैं और फिल्म ‘हीरो’ से जुड़ी यादों को प्यार से याद करते हैं।”
–आईएएनएस
पीके/एबीएम