इटली: दो पाकिस्तानी नागरिकों ने चार प्रवासियों को जलाया जिंदा,आरोपी गिरफ्तार


रोम, 2 जून (आईएएनएस)। इटली के कैलाब्रिया क्षेत्र के अमेन्दोलारा कस्बे में चार प्रवासियों की हत्या के मामले में दो पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय मीडिया की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार, तीन अफगान नागरिकों समेत चार प्रवासियों को जिंदा जला दिया गया था।

आग लगने की घटना में जिंदा बचे एक व्यक्ति ने एक स्थानीय पत्रकार को बताया कि जब उन्होंने पैसे देने से मना किया तो पाकिस्तानी लोगों ने उनकी कार में पेट्रोल फेंककर आग लगा दी।

जिंदा बचे व्यक्ति ने कहा, “मैंने वह खौफनाक मंजर देखा और मैं किसी चमत्कार से जिंदा हूं।” एडनक्रोनोस न्यूज एजेंसी ने बताया कि सोमवार को अमेंडोलारा में मजदूरों की हत्या में अकेला जिंदा बचा हुआ युवक एक अफगान नागरिक है, जो विलापियाना में पीड़ितों के साथ रहता था।

जिंदा बचे शख्स ने पत्रकार फ्रांसेस्को सल्वाटोर से कहा, “मुझे लगा कि मैं मर जाऊंगा।” उसने दावा किया कि पीड़ितों में से तीन अफगान नागरिक थे। गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों ने परिवहन के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन पीड़ितों द्वारा भुगतान से इनकार करने पर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।

उसने बताया कि उस समय दोनों ने पहले कार में पेट्रोल डाला और फिर लाइटर से आग लगा दी, जिससे चारों माइग्रेंट्स जिंदा जल गए। वह खिड़की तोड़कर भागने में कामयाब रहा।

उस आदमी ने यह भी कहा कि पाकिस्तानियों ने उसे और दूसरों को चाकू और बंदूक से धमकाकर काम पर लगवाया और पैसे नहीं दिए।

ला मिलानो न्यूज के मुताबिक कोसेन्जा प्रांत के अमेंडोलारा में सोमवार को आयोनियन स्टेट रोड 106 के किनारे गैस स्टेशन के पास खड़ी मिनीवैन के अंदर चार जली हुई लाशें मिली थीं।

पुलिस को गाड़ी में आग लगने की जानकारी दी गई, जिसके बाद फायरफाइटर्स मौके पर पहुंचे और ये लाशें मिलीं।

दोनों आरोपियों को विलापियाना से पकड़कर कोसेन्जा पुलिस हेडक्वार्टर ले जाया गया। यहां फ्लाइंग स्क्वाड के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं।

–आईएएनएस

केके/वीसी


Show More
Back to top button