फैजू शो जीतता तो ज्यादा बेहतर होता, 'द 50' के विनर शिव ठाकरे को बधाई देते हुए रजत दलाल ने कही बड़ी बात

मुंबई, 25 मार्च (आईएएनएस)। हरियाणा के भारतीय पावरलिफ्टर और टीवी के कई रियलिटी शो में हिस्सा ले चुके रजत दलाल ‘द 50’ शो का हिस्सा रहे, हालांकि शो की ट्रॉफी शिव ठाकरे ने अपने नाम की।
अब ‘द 50’ खत्म होने के बाद रजत दलाल ने शो से जुड़े अनुभव आईएएनएस के साथ शेयर किए हैं और बताया कि वह शो में या फिर शो के बाहर भी किसी तरह की कंट्रोवर्सी का हिस्सा नहीं रहे।
शिव ठाकरे को जीत की बधाई देते हुए रजत दलाल ने कहा, “जीत की बहुत-बहुत बधाई, लेकिन फैजू जीतता तो मुझे ज्यादा खुशी होती, लेकिन जिसके भाग्य में जीतना लिखा होता है, वही जीतता है। उनके भाग्य में जीतना लिखा था, तो वह जीत गए।”
रजत ने कहा, “शो का अनुभव बहुत अच्छा रहा, और मुझे यकीन है कि अगर सालों बाद भी शो को याद किया जाएगा तो कुछ चीजें जरूर हंसने पर मजबूर कर देंगी। मुझे खुशी है कि मैंने अपना गेम बहुत अच्छे से खेला और जो करना चाहता था, वो करने में कामयाब भी रहा। आखिर में आगे चीजें थोड़ी बदल गईं, लेकिन कोई बात नहीं।”
शो में बेवजह लड़ाई और गुस्सा करने के आरोप पर रजत ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि शो में मैं किसी तरह की बेवजह की लड़ाई का हिस्सा रहा हूं। हर किसी के गेम खेलने का अपना तरीका होता है और हर किसी ने उसी तरीके से खेला। अगर ऐसे में लोग एक ही चीज के पीछे पड़े रहेंगे, तो मैं कुछ नहीं कर सकता।
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग को लेकर रजत ने कहा, “ट्रोलिंग को लेकर न तो पहले कभी फर्क पड़ा है और न ही आगे पड़ेगा क्योंकि मैं कभी भी नकारात्मक चीजों की तरफ नहीं देखता। मेरी कोशिश पॉजिटिव चीजों को देखने के लिए होती है।” महिलाओं के साथ डिसरेस्पेक्ट के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ उनकी तरफ से नहीं हुआ।”
बता दें कि रजत पर हाल ही में प्रिंस नरुला ने निशाना साधा था और कर्मों का फल मिलने की बात कही थी। उन्होंने रजत के खिलाफ क्रिप्टिक पोस्ट भी लिखा था।
–आईएएनएस
पीएस/एबीएम