आम नागरिकों को निशाना बनाना सही नहीं, ईरान कर रहा युद्ध अपराध: इजरायली विदेश मंत्री

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा कि ईरान जानबूझकर आम नागरिकों को निशाना बना रहा है, वह भी रमजान जैसे पवित्र महीने में। यह निर्दयी कार्रवाई स्पष्ट रूप से युद्ध अपराध के दायरे में आती है।
इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने हाल के ईरानी मिसाइल हमले का जिक्र करते हुए बताया कि जरजिर में 58 निवासी घायल हुए, जिनमें अधिकांश आम नागरिक थे।
मंत्री गिदोन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “ईरानी आतंकवादी शासन जान‑बूझकर आम नागरिकों को निशाना बना रहा है, फिर चाहे वे यहूदी हों या मुसलमान, रमजान के पवित्र महीने में भी। अब तक जो भी इजरायली हताहत हुए हैं, वे सभी आम नागरिक हैं। यह स्पष्ट रूप से युद्ध अपराध है।
जरजिर में हुए हालिया ईरानी मिसाइल हमले में 58 निवासी घायल हुए, और यह निर्दयी कार्रवाई उनके जीवन को सीधे खतरे में डालती है।”
मंत्री गिदोन ने लिखा, ”ईरान सभी धर्मों के नागरिकों को निशाना बनाकर मिसाइलें फेंकता है, यहां तक कि रमजान के दौरान येरुशलम के पवित्र स्थलों की ओर भी। वहीं, तब इजरायल सभी पूजा करने वालों के जीवन और सुरक्षा की रक्षा करता है। सुरक्षा को लेकर ही येरुशलम के पवित्र स्थलों पर कोई मौजूद नहीं है। यही हाल पश्चिमी दीवार, अल-अक्सा मस्जिद और होली सेपलचर चर्च पर भी लागू होता है।”
मंत्री गिदोन का यह बयान ऐसे समय में आया जब इजरायल की ओर से अमेरिका में मिशिगन सिनेगॉग में हुए आतंकी हमले का कनेक्शन हिजबुल्लाह से होने का दावा किया गया।
इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने दावा किया कि पिछले गुरुवार को अमेरिका में मिशिगन सिनेगॉग में हुए आतंकी हमले का कनेक्शन हिजबुल्लाह से था।
आईडीएफ ने दावा किया कि खुफिया जानकारी से पता चला है कि हमलावर का भाई इब्राहिम मुहम्मद गजाली हिजबुल्लाह का सक्रिय सदस्य था।
आईडीएफ के अनुसार, इब्राहिम को पिछले सप्ताह इजरायली वायु सेना के हमले में मार दिया गया था। 12 मार्च को यहूदियों की प्रार्थना सभा पर हमला करने की कोशिश की गई थी। यह हमला यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया था।
साथ ही आईडीएफ ने यह भी दावा किया कि ईरानी शासन की खुफिया एजेंसी के निर्देश पर ही इजरायल के भीतर आतंकवादी हमलों को अंजाम देने का प्रयास किया जाता रहा है।
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी