आईएईए निरीक्षकों पर ईरान की सहमत‍ि परमाणु संकट खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम : वेंस


बर्गेनस्टॉक (स्विट्जरलैंड), 22 जून (आईएएनएस)। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोमवार को कहा कि ईरान ने इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (आईएईए) के निरीक्षकों को फिर देश में आने की अनुमति देने पर सहमति जताई है। उन्होंने इसे ईरान के परमाणु हथियार कार्यक्रम को हमेशा के लिए खत्म करने और मध्य पूर्व में तनाव कम करने की कोशिश में एक बड़ी सफलता बताया।

बर्गेनस्टॉक में हुई बातचीत के बाद वेंस ने पत्रकारों से कहा कि यह कदम अमेरिका, ईरान और क्षेत्रीय देशों के बीच चल रही बातचीत की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।

वेंस ने कहा, “ईरानियों ने आईएईए के निरीक्षकों को वापस अपने देश में बुलाने पर सहमति जताई है। यह अमेरिकी लोगों के लिए एक बड़ा कदम है और ईरान के परमाणु हथियार कार्यक्रम को हमेशा के लिए खत्म करने की दिशा में पहला कदम है।”

उन्होंने कहा कि ईरान और आईएईए के बीच बातचीत जल्द शुरू हो सकती है। वेंस ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि यह कम से कम इस हफ्ते शुरू हो जाएगा। हमें लगता है कि निरीक्षकों और आईएईए के साथ कुछ बातचीत आज से भी शुरू हो सकती है।”

उपराष्ट्रपति ने कहा कि बातचीत करने वाले चार उद्देश्यों के साथ स्विट्जरलैंड पहुंचे थे, होर्मुज स्‍ट्रेट को खुला रखना, खाड़ी क्षेत्र में भविष्य में तनाव बढ़ने से रोकने के लिए तंत्र बनाना, क्षेत्रीय युद्धविराम व्यवस्था को मजबूत करना और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर तकनीकी बातचीत के लिए एक ढांचा तैयार करना।

उन्होंने कहा, “कल का दिन बहुत अच्छा रहा। हमने अच्छी प्रगति की।” वेंस ने बताया कि होर्मुज स्‍ट्रेट खुला हुआ है और बातचीत करने वाले पक्षों ने ऐसा तंत्र तैयार किया है, जिससे भविष्य में विवाद बड़े संघर्ष में न बदलें। हम ऐसा तरीका बनाना चाहते थे, जिससे होर्मुज स्‍ट्रेट खुला रहे।”

उन्होंने कहा क‍ि जब भी कोई विवाद होगा, तो हम उसे बातचीत के जरिए सुलझा सकें और वह बड़े तनाव में न बदले। हमने कल यही किया। आने वाले दिनों और हफ्तों में तकनीकी टीमें किसी बड़े समझौते की जानकारी पर काम करती रहेंगी।

उन्होंने कहा, “मैं इसे बहुत आसान तरीके से देखता हूं। हमने एक अच्छे अंतिम समझौते के लिए मजबूत नींव रख दी है। अंतिम समझौता एक घर की तरह है। हमने नींव तैयार कर दी है, लेकिन अभी घर बनना बाकी है।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप की ईरान को लेकर हाल की सख्त टिप्पणियों से बातचीत पर असर पड़ा, तो वेंस ने कहा कि ऐसा नहीं हुआ। इससे बातचीत में कोई रुकावट नहीं आई। हालांक‍ि वेंस ने माना कि ईरानी अधिकारियों की ओर से बातचीत छोड़ने की धमकियों की खबरें आई थीं, लेकिन बातचीत देर रात तक चलती रही। हम कल रात एक बजे के बाद तक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बातचीत नहीं छोड़ी।

उन्होंने कहा क‍ि हमने ईरानियों से कहा कि जब आप लोग ऐसी बातें करते हैं, जिसे हमारी पीढ़ी की भाषा में ‘ट्रैश टॉक’ कहा जाता है, तो आप यह उम्मीद नहीं कर सकते कि अमेरिका के राष्ट्रपति जवाब नहीं देंगे और सही बात सामने नहीं रखेंगे।

लेबनान के मुद्दे पर वेंस ने कहा कि इजरायल और हिज्‍बुल्लाह के बीच संघर्ष को बड़े क्षेत्रीय युद्ध में बदलने से रोकने के लिए एक व्यवस्था बनाने में ‘बहुत अच्छी प्रगति’ हुई है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका चाहता है कि इजरायली सेना दक्षिणी लेबनान से हट जाए, तो वेंस ने कहा, “हम चाहते हैं कि इजरायल की सुरक्षा बनी रहे और साथ ही लेबनान की संप्रभुता भी सुरक्षित रहे। इस पर बातचीत आगे भी जारी रहेगी।”

उन्होंने कहा कि अमेरिका बातचीत के दौरान क्षेत्रीय साझेदारों जैसे इजरायल, लेबनान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के लगातार संपर्क में था।

वेंस ने ईरान की फ्रीज संपत्तियों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि अमेरिका यह सुनिश्चित करना चाहता है कि अगर भविष्य में ईरान के पैसे को वापस जारी किया जाता है, तो उसका इस्तेमाल आम ईरानी लोगों की मदद के लिए हो, न कि किसी आतंकी गतिविधि के लिए।

–आईएएनएस

एवाई/एबीएम


Show More
Back to top button