आईपीएल 2026: लगातार पांचवीं जीत से जीटी बनी नंबर वन, एसआरएच तीसरे स्थान पर पहुंची, अंकतालिका में अन्य टीमें किस स्थान पर?

नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का 56वां मुकाबला मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (जीटी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला गया। यह मुकाबला अंकतालिका में पहला स्थान हासिल करने के लिए था, और जीटी ने इसमें बाजी मार ली। जीटी एसआरएच को 82 रन से हराकर अंकतालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई। जीटी की यह लगातार पांचवीं जीत है।
एसआरएच ने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी चुनी थी। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 168 रन बनाए थे। 169 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी एसआरएच 14.5 ओवर में 86 रनों पर ऑलआउट हो गई और 82 रन से मैच हार गई। 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लेने वाले जीटी के कगिसो रबाडा प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
आइए जानते हैं कि जीटी और एसआरएच के बीच हुए मुकाबले के बाद अंकतालिका में क्या बदलाव आया है, साथ ही ऑरेंज और पर्पल कैप किन खिलाड़ियों के पास है।
गुजरात टाइटंस 12 मैचों से 16 अंक लेकर पहले, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 11 मैचों से 14 अंक लेकर दूसरे, सनराइजर्स हैदराबाद 12 मैचों से 14 अंक लेकर तीसरे, पंजाब किंग्स 11 मैचों से 13 अंक लेकर चौथे और चेन्नई सुपर किंग्स 11 मैचों से 12 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है।
राजस्थान रॉयल्स 11 मैचों से 12 अंक लेकर छठे, दिल्ली कैपिटल्स 12 मैचों से 10 अंक लेकर सातवें, कोलकाता नाइट राइडर्स 10 मैचों से 9 अंक लेकर आठवें स्थान पर है।
मुंबई इंडियंस 11 मैचों से 6 अंक लेकर नौवें और लखनऊ सुपर जायंट्स 11 मैचों से 6 अंक लेकर दसवें स्थान पर है। मुंबई और लखनऊ प्लेऑफ की दौर से बाहर हो चुके हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन 12 मैचों में 508 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर हैं और ऑरेंज कैप उन्हीं के पास है। भुवनेश्वर कुमार के पास पर्पल कैप है। भुवनेश्वर ने 11 मैचों में 21 विकेट लिए हैं।
–आईएएनएस
पीएके