आईपीएल 2026: बल्लेबाजों के बाद भुवनेश्वर का चला जादू, आरसीबी ने सीएसके को 43 रनों से हराया
बेंगलुरु, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 में जीत के सिलसिले को जारी रखा है। रविवार को एम. चिन्नास्वामी के मैदान पर खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 43 रनों से हराया। यह आरसीबी की लगातार दूसरी जीत है। वहीं, सीएसके की इस सीजन में यह लगातार तीसरी हार है। आरसीबी से मिले 251 रनों के लक्ष्य के जवाब में सीएसके की पूरी टीम 19.4 ओवर में 207 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
आरसीबी से मिले 251 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ महज 7 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, संजू सैमसन 5 गेंदों में 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आयुष म्हात्रे भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज एक रन बनाकर आउट हुए। कार्तिक शर्मा ने लगातार तीसरे मुकाबले में अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह 3 गेंदों में सिर्फ 6 रन ही बना सके। शिवम दुबे अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 13 गेंदों में 18 रन बनाने के बाद अभिनंदन सिंह का शिकार बने।
सरफराज खान ने एक छोर से बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 50 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में सरफराज ने 8 चौके और 2 छक्के लगाए। प्रशांत वीर ने 29 गेंदों में 43 रन बनाए और उन्होंने जेमी ओवरटन के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े। ओवरटन ने 37 रनों का योगदान दिया। नूर अहमद 8 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार का शिकार बने। मैट हेनरी को अभिनंदन सिंह ने 2 रनों के स्कोर पर आउट किया। गेंदबाजी में आरसीबी की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले। वहीं, जैकब डफी और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट चटकाए।
इससे पहले, आरसीबी ने बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के बूते 20 ओवर में 3 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 250 रन लगाए। विराट कोहली और फिल साल्ट ने टीम को सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। कोहली 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साल्ट ने 30 गेंदों में 46 रन बनाए। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों का सामना करते हुए 50 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में पडिक्कल ने 5 चौके और 2 छक्के लगाए।
कप्तान रजत पाटीदार ने महज 19 गेंदों में 252 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए नाबाद 48 रन बनाए, जबकि टिम डेविड ने मात्र 25 गेंदों का सामना करते हुए 70 रनों की धमाकेदार पारी खेली। रजत और डेविड ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 99 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। टिम डेविड ने अपनी इस तूफानी पारी में 3 चौके और 8 छक्के लगाए। सीएसके की ओर से गेंदबाजी में अंशुल कंबोज, शिवम दुबे और ओवरटन ने एक-एक विकेट चटकाया। यह चेन्नई सुपर किंग्स की इस सीजन लगातार तीसरी हार है।
–आईएएनएस
एसएम/डीकेपी