आईपीएल 2026: संतुलित बल्लेबाजी, तेज गेंदबाजी अटैक दिख रहा कमजोर, क्या खत्म होगा दिल्ली का इंतजार?


नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। अक्षर पटेल की अगुवाई में दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2026 में अपने खिताब का सूखा खत्म करने के इरादे से उतरेगी। कागज पर दिल्ली का बैटिंग ऑर्डर काफी संतुलित दिख रहा है। हालांकि, मिचेल स्टार्क की शुरुआती मुकाबलों में गैरमौजूदगी के कारण टीम के लिए तेज गेंदबाजी अटैक चिंता का विषय जरूर बन सकता है।

आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स ने शुरुआत जोरदार अंदाज में की थी, लेकिन दूसरे हाफ में टीम की गाड़ी पटरी से उतर गई थी। 14 मुकाबलों में से दिल्ली ने 7 जीते थे, जबकि 7 मुकाबलों में टीम को हार झेलनी पड़ी थी। अक्षर की कप्तानी में टीम प्लेऑफ का टिकट कटाने में नाकाम रही थी। केएल राहुल पिछले सीजन अच्छी लय में दिखाई दिए थे। इसके साथ ही ट्रिस्टन स्टब्स का प्रदर्शन भी जोरदार रहा था। अभिषेक पोरेल ने भी आईपीएल 2025 में अपनी शानदार बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। वहीं, इस बार दिल्ली के पास नीतीश राणा का अनुभव भी मौजूद होगा, जो मध्यक्रम में खेलते हुए नजर आ सकते हैं।

इसके साथ ही बेन डकेट और पृथ्वी शॉ के रूप में दिल्ली के पास सलामी बल्लेबाज के तौर पर 2 बढ़िया विकल्प भी मौजूद हैं। डेविड मिलर को खरीदने के साथ ही दिल्ली का मध्यक्रम काफी संतुलित दिख रहा है। फिनिशर के तौर पर दिल्ली के पास आशुतोष शर्मा और समीर रिजवी के रूप में दो धाकड़ बल्लेबाज मौजूद हैं। वहीं, स्टब्स ने भी पिछले सीजन बतौर फिनिशर दमदार प्रदर्शन किया था। काइल जैमीसन और विपराज निगम बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकते हैं।

हालांकि, मिचेल स्टार्क के शुरुआती मुकाबलों में उपलब्ध न होने की वजह से दिल्ली कैपिटल्स का पेस अटैक थोड़ा कमजोर दिख रहा है। मुकेश कुमार के पास विकेट निकालने का हुनर है, लेकिन वह काफी महंगे भी साबित हो जाते हैं। टी नटराजन पिछले सीजन लय में नहीं दिखे थे। दिल्ली की तरफ से आकिब नबी पर इस सीजन जरूर निगाहें रहेंगी। आकिब का प्रदर्शन रणजी ट्रॉफी में कमाल का रहा था। स्पिन विभाग में दिल्ली के पास कुलदीप यादव और अक्षर पटेल के रूप में दो दमदार स्पिनर हैं, जो अकेले दम पर मैच को पलट सकते हैं।

दिल्ली का पूरा स्क्वॉड

अक्षर पटेल (कप्तान), लुंगी एनगिडी, बेन डकेट, पथुम निसांका, आकिब नबी डार, नीतीश राणा, विपराज निगम, ट्रिस्टन स्टब्स, साहिल पारेख, डेविड मिलर, पृथ्वी शॉ, काइल जैमीसन, त्रिपुराना विजय, टी नटराजन, समीर रिजवी, मिचेल स्टार्क, माधव तिवारी, कुलदीप यादव, केएल राहुल, करुण नायर, दुष्मंथा चमीरा, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, अजय मंडल, अभिषेक पोरेल।

–आईएएनएस

एसएम/डीकेपी


Show More
Back to top button