Air India के विमान में केबिन क्रू से मारपीट, IB को सौंपी गई जांच

कालीकट से बहरीन जा रहे एअर इंडिया के विमान में केबिन क्रू से मारपीट और विमान का दरवाजा खोलने की कोशिश करने के आरोप में 25 वर्षीय एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। सहार पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार यात्री अब्दुल मुसाविर नादुकंदील केरल का निवासी है।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार दोपहर को एअर इंडिया एक्सप्रेस एयरलाइन के अधिकारियों को सूचना दी गई कि विमान को डायवर्ट कर दिया गया है। इसके बाद सीट नंबर 15डी पर बैठा अब्दुल मुसाविर विमान के पीछे गया और केबिन क्रू के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले के बाद उसने विमान का दरवाजा खोलने का प्रयास किया।

आस-पास के यात्रियों के साथ भी दु‌र्व्यवहार और मारपीट

एक अन्य केबिन क्रू सदस्य ने अब्दुल को रोका और उसे वापस उसकी सीट पर ले आया। इसके बावजूद, अब्दुल ने आस-पास के यात्रियों के साथ दु‌र्व्यवहार और मारपीट जारी रखी। एक अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा खतरे को देखते हुए पायलट ने दोपहर में विमान को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा।

सुरक्षा अधिकारियों ने अब्दुल को हिरासत में लिया

इसके बाद एअर इंडिया एक्सप्रेस के सुरक्षा अधिकारियों ने अब्दुल को हिरासत में लिया और सहार पुलिस स्टेशन ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर अब्दुल को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया।

इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) मामले को देख रही

इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) भी इस मामले को देख रही है और वे अब जांच करेंगे कि उसने विमान का दरवाजा खोलने की कोशिश क्यों की? अधिकारियों ने कहा कि वे यह भी जांच करेंगे कि क्या अब्दुल का आतंकवादी संगठनों से कोई संबंध है और उसने और कौन से अपराध किए हैं।

Show More
Back to top button