भारत के उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता में मजबूत सभ्यता और संबंधों पर की चर्चा

कोलंबो, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन दो दिवसीय दौरे पर श्रीलंका पहुंच चुके हैं। वहां पारंपरिक कंडियन डांस परफॉर्मेंस के जरिए भारत के उपराष्ट्रपति का स्वागत किया गया। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच दोनों देशों के साझा इतिहास, मजबूत सभ्यता और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर चर्चा की।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने राष्ट्रपति दिसानायका के साथ मुलाकात की और द्विपक्षीय बैठक में शामिल हुए। मुलाकात की तस्वीरें साझा कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी गई, “भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आज कोलंबो में राष्ट्रपति सचिवालय में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने साझा इतिहास, मजबूत सभ्यता और लोगों के बीच संबंधों पर आधारित भारत-श्रीलंका के कई तरह के संबंधों को और गहरा करने पर अच्छी बातचीत की।”
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आगे बताया, “उन्होंने इंडियन हाउसिंग प्रोजेक्ट और श्रीलंका में तूफान दित्वाह से प्रभावित इलाकों के लिए 450 मिलियन पैकेज के तहत लागू किए जा रहे प्रोजेक्ट्स समेत कई पहलों पर बड़े पैमाने पर चर्चा की। इसमें भारतीय मूल के तमिल समुदाय के सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में रिकंस्ट्रक्शन और रिहैबिलिटेशन की कोशिशें भी शामिल हैं। दोनों पक्षों ने मछुआरों के मुद्दों को मानवीय तरीके से सुलझाने पर चर्चा की, और दोनों तरफ के मछली पकड़ने वाले समुदायों की रोजी-रोटी का भी ध्यान रखा।”
बता दें, भारतीय उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 19-20 अप्रैल के दो दिवसीय श्रीलंका दौरे पर पहुंचे हैं। यह भारत के किसी उपराष्ट्रपति का पहला आधिकारिक श्रीलंका दौरा है।
इससे पहले श्रीलंका के लिए रवाना होने से पहले उपराष्ट्रपति के एक्स हैंडल पर जानकारी दी गई कि ‘भारत के उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन, दो दिन के आधिकारिक दौरे पर श्रीलंका के लिए रवाना हो गए हैं। यह किसी भारतीय उपराष्ट्रपति का श्रीलंका का पहला द्विपक्षीय दौरा है। इस दौरे के दौरान, वे द्विपक्षीय मीटिंग करेंगे और भारत सरकार की मदद से बने इंडियन हाउसिंग प्रोजेक्ट के तीसरे फेज के तहत बने घर तमिल समुदाय के लोगों को सौंपेंगे।’
–आईएएनएस
केके/एएस