भारत दुनिया का सबसे मजबूत गणतंत्र, विकसित और सशक्त भारत हमारा संकल्प : सुनील शर्मा
गाजियाबाद, 26 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने रविवार को गाजियाबाद पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। उन्होंने भारत को दुनिया का सबसे मजबूत लोकतंत्र बताते हुए कहा कि हम विकसित भारत की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं।
सुनील शर्मा ने देश और राज्य की जनता को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा, “मेरे देश का गणतंत्र और भी मजबूत हो, हम सबको इस दिशा में मिलकर काम करना चाहिए। आज भी भारत विश्व भर में सबसे मजबूत गणतंत्र है। हम आज विकसित भारत की तरफ कदम बढ़ा चुके हैं। एक विकसित और सशक्त भारत बनाना हम सभी का लक्ष्य है। मेरे देश का गणतंत्र और यह लोकतंत्र और भी मजबूत हो, क्योंकि यह आज भी दुनिया का सबसे मजबूत लोकतंत्र है। हमारी शुभकामना है कि इस लोकतंत्र की मजबूती भविष्य में भी बरकरार रहे।”
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ को लेकर उन्होंने देश के हर व्यक्ति से वहां जाने की अपील की। उन्होंने कहा, “वहां एक बार सभी को जाना चाहिए और देखना चाहिए कि मौजूदा सरकार ने किस तरह से बेहतर व्यवस्थाएं की हैं। महाकुंभ का आयोजन भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से व्यवस्थित तरीके से किया गया है जिसमें देश की एक-तिहाई जनता हिस्सा ले रही है। इतने बड़े आयोजन में कहीं किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है। आपको एक भी व्यक्ति यह कहते नहीं मिलेगा कि यहां व्यवस्थाओं की कोई कमी है। यह एक दिव्य महाकुंभ बन चुका है।
उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने देहरादून स्थित विधानसभा भवन में गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान ऋतु खंडूरी भूषण ने विधानसभा भवन देहरादून में तिरंगा फहराया और विधानसभा कार्मिकों के बच्चों को गिफ्ट भी बांटे।
विधानसभा अध्यक्ष ने देश और राज्य के लोगों को 76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह वर्ष उत्तराखंड के लिए बहुमूल्य साबित होने वाला है। क्योंकि इस वर्ष उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होने जा रहा है। साथ ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) भी लागू होने जा रहा है जो उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक है।
–आईएएनएस
एकेएस/एकेजे