स्लोवाकिया में शुरू हो सकता है 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान, पीएम मोदी की पहल के मुरीद हुए राष्ट्रपति पेलेग्रिनी

ब्रातिस्लावा, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल की प्रशंसा की। उन्होंने इसे ‘गेमचेंजर’ करार दिया और अपने देश में भी इसी तरह का कार्यक्रम शुरू करने का संकेत दिया।
स्लोवाकिया के राष्ट्रपति ने इस पहल की तारीफ तब कि जब उन्होंने गुरुवार को नित्रा शहर के सिहोट में सिटी पार्क में राष्ट्रीय वृक्ष ‘लिंडेन’ का पेड़ लगाया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ नित्रा के मेयर मरेक हट्टास भी मौजूद थे।
समारोह के दौरान, पेलेग्रिनी पीएम मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के उद्देश्य और मिशन के बारे में जानकर बहुत प्रभावित हुए।
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने स्लोवाकियाई समकक्ष को ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के महत्व और सार्थकता के बारे में बताया, जिसका अर्थ है अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाना।
रिपोर्ट के अनुसार, स्लोवाकिया के राष्ट्रपति इस पहल से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने अपने देश में भी इसी तरह का अभियान शुरू करने की संभावना पर बात की।
पिछले वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने देशवासियों से इससे जुड़ने और इसका हिस्सा बनकर इसे मजबूती देने का आग्रह किया था।
अपने शुभारंभ के बाद से, ‘एक पेड़ मां के नाम’ ने न केवल वैश्विक ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है बल्कि विभिन्न क्षेत्रों से तारीफें भी हासिल की हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू देश की सफल यात्रा पूरी करने के बाद शुक्रवार दोपहर नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं।
यह लगभग तीन दशकों में किसी भारतीय राष्ट्रपति की स्लोवाकिया की पहली यात्रा थी।
राष्ट्रपति मुर्मू की स्लोवाकिया की दो दिवसीय यात्रा इस बात का संकेत देती है कि भारत स्लोवाक गणराज्य के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को कितना महत्व देता है। इससे रक्षा, विज्ञान, टेक्नोलॉजी, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में गहन सहयोग और नई पहलों के शुरू होने की उम्मीद है।
–आईएएनएस
एमके/