गुजरात : वलसाड में मछुआरों ने पीएम मोदी को कहा धन्यवाद, बोले – 'सब्सिडी से सुधरा हमारा जीवन'


वलसाड, 7 फरवरी (आईएएनएस)। गुजरात के वलसाड जिले के 70 किलोमीटर लंबे समुद्री तट पर बसे गांवों में अधिकतर मछुआरा समाज के लोग रहते हैं। उनकी आजीविका का एकमात्र स्रोत समुद्र है। समुद्र से मछली पकड़कर जीवन यापन करने वाले मछुआरों के लिए मोदी सरकार ने कई योजनाएं बनाई हैं, जिससे पिछले एक दशक में यहां के मछुआरों के जीवन में सुधार आया है। मोदी सरकार ने मछुआरों के लिए अलग से मंत्रालय भी बनाया है।

मछुआरों को नाव, मछली पकड़ने के जाल, आइस बॉक्स और डीजल पर सब्सिडी दी जा रही है, जिससे उन्हें लाभ मिल रहा है। इसके कारण वलसाड के समुद्री तट पर बसे गांवों के लोगों के जीवन में सुधार देखने को मिल रहा है।

अशोक नारायण भाई टंडेल ने शुक्रवार को आईएएनएस से कहा कि हम मछली पकड़कर अपना गुजारा करते हैं। हमारे पूर्वज यही व्यवसाय करते थे और आज भी हम वही कर रहे हैं। मोदी सरकार के आने से हमें मदद मिली है। उन्होंने सभी चीजों में सब्सिडी दी है और हमारी बहुत मदद की है। हमारा जीवन पूरी तरह से बदल गया है। हमारा गांव बिल्कुल समुद्र के पास है। बारिश के मौसम में गांव में पानी आ जाता है। पानी से नुकसान हो सकता था, लेकिन सुरक्षा दीवार लगा दी गई है, जिससे हमारा गांव बच गया है। जब से मोदी सरकार आई है, हम बहुत खुश हैं। इसलिए पीएम मोदी का बहुत-बहुत धन्यवाद।

मछुआरों के लिए वर्तमान सरकार किस तरह से काम कर रही है, इसको लेकर जितेंद्र कांतिलाल टंडेल ने बताया कि वलसाड जिले के कोलक का एक फिशरमैन और समाजसेवी हूं। सरकार ने मछुआरों के लिए बहुत सारी योजनाएं बनाई हैं। जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तभी से बहुत सी योजनाएं बनाई गई थीं। बाद में वह प्रधानमंत्री बन गए। इसके बाद मछुआरों के लिए एक अलग मंत्रालय बनाया गया। मंत्रालय के बनने के बाद पीएम मोदी ने बहुत सी योजनाएं दीं। मछुआरों के लिए पहले तीन लाख रुपये का लोन मिलता था। अब उसे पांच लाख रुपये करने की घोषणा की है। जब भी मछुआरे मछली पकड़ने के लिए जाते हैं तो उन्हें नाव की जरूरत होती है। नावों पर 50 प्रतिशत की सब्सिडी है। सरकार मछुआरों के लिए बहुत काम कर रही है। इसके लिए मैं पीएम मोदी को और केंद्र सरकार को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं।

रमेश टंडेल ने कहा कि समुद्र किनारे रहने वाले लोग मछली पकड़ने का व्यवसाय कर रहे हैं। सरकार ने मछुआरों के लिए बहुत अच्छा काम किया है। सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं और सरकार की ओर से सब्सिडी भी दी जा रही है। मछली पकड़ने के जाल पर भी सब्सिडी दी जा रही है। सरकार ने सब्सिडी देकर बहुत अच्छा काम किया है। इससे हमारे जीवन में सुधार हुआ है।

–आईएएनएस

एफजेड/एकेजे


Show More
Back to top button