दर्शक अच्छी फिल्मों की तलाश में रहते हैं : इम्तियाज अली


मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ हर किसी से सर चढ़कर बोल रही है। इसने रिलीज के बाद हर तरह के दर्शकों को प्रभावित कर सिनेमा की ओर खींचा हैं और यही कारण हैं कि यह बॉक्स ऑफिस में कमाई के कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

निर्देशक इम्तियाज अली ने हाल ही में आईएएनएस के साथ खास बातचीत में फिल्म की सफलता पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ‘धुरंधर’ दर्शकों को सिनेमा की ओर खीचने वाली फिल्मों में से एक है।

इम्तियाज अली ने कहा कि ‘धुरंधर’ ने लोगों को थिएटर के करीब ला दिया है। उन्होंने कहा, “हम लोग एक दूसरे के करीब आ रहे हैं और मुझे इस बात की बहुत खुशी है।”

इम्तियाज ने कहा, “एक फिल्म निर्माता के तौर पर मुझे तब बहुत खुशी होती है, जब कोई फिल्म शानदार प्रदर्शन करती है, खासतौर पर जब लोग थिएटर में फिल्म देखने के लिए जाते हैं और शायद बार-बार आते हैं। ये हमारे दर्शक ही तय करते हैं कि उन्हें किस तरह का सिनेमा देखना है। मुझे नहीं लगता है कि एक तरह की फिल्म की सफलता दूसरी तरह की फिल्म की राह में बाधा बनी रहती है।”

उन्होंने याद दिलाते हुए बताया, “मैं अपनी पूरी जिंदगी में लोगों की तरफ से बस यह सुनते आया हूं कि लव स्टोरीज नहीं चलेंगी, बच्चों की फिल्में नहीं चलेंगी या एक्शन फिल्में नहीं चलेंगी।”

इम्तियाज अली ने कहा, “जब ‘शोले’ रिलीज होने वाली थी तब भी लोग कह रहे थे कि यह नहीं चलेगी। ‘धुरंधर’ के समय भी यही बातें सुनने को मिलीं। ‘सैयारा’ के साथ भी ऐसा ही हुआ। लोग कह रहे थे कि नए कलाकारों के साथ लव स्टोरी नहीं चलेगी।”

उन्होंने कहा कि असल बात तो यह है कि लोग अच्छे सिनेमा की तलाश में रहते हैं, जब कोई भी अच्छी फिल्म चलती है, तो हर फिल्मकार के अंदर खुशी होती है। भगवान का शुक्र है कि धुरंधर चली। इसका मतलब है कि लोग अभी थिएटर में फिल्म देखने के अनुभव से जुड़े हुए हैं।

–आईएएनएस

एनएस/पीएम


Show More
Back to top button