आईएफएल 2025-26: रोमांचक मुकाबले में गोलकीपरों का जलवा, श्रीनिधि डेक्कन और शिलांग लाजोंग के बीच मैच ड्रॉ


हैदराबाद, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 में बुधवार को श्रीनिधि डेक्कन एफसी और शिलांग लाजोंग एफसी के बीच रोमांचक मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। लीग टेबल में शीर्ष पर चल रही दो टीमों के बीच खेले गए इस मैच के गोल रहित रहने पर टीमों को एक-एक अंक मिला।

हैदराबाद के डेक्कन एरिना में बुधवार को खेले गए इस मैच में दोनों टीमों का डिफेंस मजबूत रहा और गोलकीपरों ने कई अहम बचाव करके अपनी छाप छोड़ी। इस ड्रॉ के साथ श्रीनिधि डेक्कन एफसी 11 अंकों के साथ लीग टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है, जबकि शिलांग लाजोंग ठीक उसके पीछे है और राजस्थान यूनाइटेड एफसी के साथ अंकों के मामले में बराबरी पर है। श्रीनिधि के गोलकीपर कमलजीत सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

मैच की शुरुआत में मेजबान टीम (श्रीनिधि) का गेंद पर ज्यादा कब्जा रहा और वे गोल करने के मौके तलाशते रहे, लेकिन शिलांग का डिफेंस काफी मजबूत रहा। गोल करने का पहला बड़ा मौका 11वें मिनट में आया, जब श्रीनिधि के कप्तान डेविड कास्टानेडा ने दूर से शॉट लगाकर सिवेल रिमबाई की परीक्षा ली, लेकिन गोलकीपर ने शानदार बचाव किया।

धीरे-धीरे शिलांग की टीम भी मैच में लय में आ गई और काउंटर-अटैक पर काफी खतरनाक दिखी। एवरब्राइटसन साना मायलिएमपदा कई बार गोल करने के करीब पहुंचे। वहीं, पहले हाफ के इंजरी टाइम में फ्रांगी बुआम ने एक लंबी दूरी की फ्री-किक लगाकर मैच का गतिरोध तोड़ने की कोशिश की, लेकिन कमलजीत सिंह ने शानदार डाइव लगाकर गेंद को रोक लिया।

दूसरा हाफ भी पहले हाफ जैसा ही रहा, जिसमें श्रीनिधि का गेंद पर ज्यादा कब्जा रहा और शिलांग तेज जवाबी हमलों पर निर्भर रही। कास्टानेडा को मैच के 60वें मिनट से ठीक पहले गोल करने का एक और मौका मिला, लेकिन वे गेंद को गोल के अंदर नहीं पहुंचा पाए। वहीं, स्थानापन्न खिलाड़ी पाउलो सेजार के शॉट को चौकस गोलकीपर रिमबाई ने रोक दिया।

शिलांग ने भी साना और स्थानापन्न खिलाड़ी अभय गुरुंग के जरिए गोल करने के मौके बनाए, लेकिन वे गोल के नजदीक पहुंचकर गेंद को गोल में बदलने में नाकाम रहे। जैसे-जैसे खेल अपने आखिरी दौर में पहुंचा, दोनों टीमों ने जीत की तलाश में आगे बढ़कर जोर लगाया। 86वें मिनट में श्रीनिधि जीत के सबसे करीब पहुंची, जब पेप गसामा ने बॉक्स में एक सटीक फ्री-किक मारी, लेकिन पाउलो सेजार के हेडर को एक बार फिर रिमबाई ने शानदार बचाव करते हुए रोक लिया।

दोनों गोलकीपर बेहतरीन फॉर्म में थे और दोनों टीमों का डिफेंस भी मजबूत था, इसलिए आक्रमण करने वाले खिलाड़ी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए और खेल 0-0 पर समाप्त हुआ।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button