'अगर पिता 'नाग' हैं तो क्या मैं 'नागिन' हूं?' एकता कपूर ने पिता जितेंद्र के लिए लिखा मजेदार पोस्ट
मुंबई, 6 फरवरी (आईएएनएस)। जहां एक बेटी के लिए उसके पिता हीरो होते हैं, वहीं मशहूर टीवी और फिल्म प्रोड्यूसर एकता कपूर के लिए उनके पिता की छवि अलग है। इसका खुलासा उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए किया कि उनकी नजर में पिता जितेंद्र की क्या इमेज है।
उन्होंने इस पोस्ट में एक वीडियो शेयर कर खुलासा किया कि अगर उनके पिता नाग हैं तो क्या एकता प्रोड्यूसर हैं।
दरअसल, एकता ने जितेंद्र की फिल्म ‘नागिन’ का गाना ‘तेरे संग प्यार में’ का वीडियो शेयर किया। इसमें जितेंद्र अभिनेत्री रीना रॉय के साथ डांस कर रहे हैं।
एकता ने पोस्ट कर लिखा, “मेरे पिता असली नाग (इच्छाधारी) थे, तो क्या इसका मतलब है कि मैं भी नागिन हूं?”
1976 की फिल्म ‘नागिन’ में जितेंद्र ने एक अहम भूमिका निभाई थी, जो इच्छाधारी नाग-नागिन की कहानी पर आधारित थी।
सॉन्ग ‘तेरे संग प्यार में’ की बात करें तो इसे लता मंगेश्कर और महेंद्र कपूर ने अपने सुरों से सजाया है और वर्मा मलिक ने इसके लिरिक्स लिखे हैं, जबकि लक्ष्मीकांत प्यारेलाल ने इसका संगीत तैयार किया है।
साल 1976 में रिलीज हुई लोकप्रिय फिल्म ‘नागिन’ में जितेंद्र ने मुख्य भूमिका (नाग के रूप में) निभाई थी, और रीना रॉय इच्छाधारी नागिन बनी थीं। राज कुमार कोहली द्वारा निर्देशित यह फिल्म अपने समय की सबसे बड़ी मल्टी-स्टारर फिल्मों में से एक थी, जिसमें सुनील दत्त, रेखा, मुमताज, फिरोज खान और संजय खान जैसे कलाकार भी शामिल थे। फिल्म की कहानी एक इच्छाधारी नागिन की थी, जो अपने प्रेमी (जितेंद्र) की हत्या का बदला लेने के लिए शिकारियों के समूह को एक-एक करके मारती है।
एकता कपूर ‘नागिन’ फ्रेंचाइजी की निर्माता के रूप में भी जानी जाती हैं। उन्होंने ‘नागिन’ सीरीज के कई सीजन प्रोड्यूस किए हैं, जो टेलीविजन पर काफी लोकप्रिय हुए। इन दिनों ‘नागिन 7’ टीवी पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें अभिनेत्री प्रियंका चौधरी मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं। इस सीरियल में वह ‘अनंता’ का किरदार निभा रही हैं, जो अपनी मां के हत्यारों से बदला लेने के लिए नागिन बन जाती है।
–आईएएनएस
एनएस/डीकेपी