'अगर पावरप्ले में 3-4 विकेट गिर जाते हैं, तो आप पीछा ही करते रह जाएंगे,' पाकिस्तानी कप्तान ने गिनाईं हार की वजह


कोलंबो, 15 फरवरी (आईएएनएस)। भारत के खिलाफ रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। मुकाबले के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने हार के कारण गिनाते हुए कहा है कि अगर पावरप्ले में 3-4 विकेट गिर जाते हैं, तो टीम हमेशा मैच का पीछा ही करती रह जाती है।

भारत के खिलाफ 176 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम ने 4.5 ओवरों में 4 विकेट खो दिए थे। इसके बाद टीम के लिए संभलना मुश्किल हो गया और पाकिस्तान 18 ओवरों में महज 114 रन पर सिमट गई।

इस करारी हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, “हम चार स्पिनर्स के साथ इस मैच में उतरे थे, लेकिन आज उनका दिन खराब रहा। कुछ अहम मौकों पर कार्यान्वयन में कमी रह गई। बल्लेबाजी में भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। अगर पावरप्ले में 3-4 विकेट गिर जाते हैं, तो आप हमेशा मैच का पीछा ही करते रह जाते हैं।”

उन्होंने कहा, “दूसरी इनिंग्स में पिच बेहतर रही, लेकिन हमने परिस्थितियों के हिसाब से नहीं खेला। ऐसे मुकाबलों में भावनाएं हमेशा चरम पर रहती हैं, हमें बस उन्हें संभालना होगा।”

3 में से 1 मुकाबला गंवाकर पाकिस्तानी टीम ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर लुढ़क गई है। इस टीम का नेट रन रेट -0.403 है, जबकि यूएसए (+0.787) 4 में से 2 मैच जीतकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत की हैट्रिक के साथ भारत ने ‘सुपर-8’ में प्रवेश कर लिया है।

पाकिस्तानी टीम 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी, जिसे जीतकर यह टीम सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर सकती है। कप्तान आगा ने कहा, “हम ऐसे कई मैच खेल चुके हैं। अब दो दिन में अगला मैच है और हमें उसी पर ध्यान देना होगा। हमें वह मैच जीतकर अगले दौर के लिए क्वालिफाई करना है, उसके बाद यह एक नया टूर्नामेंट होगा।”

–आईएएनएस

आरएसजी/डीएससी


Show More
Back to top button