‘बहुत दुखी हूं..’ इस देश में आए भूस्खलन में जमीन के अंदर दबे 2 हजार लोग: पीएम मोदी

‘बहुत दुखी हूं..’ इस देश में आए भूस्खलन में जमीन के अंदर दबे 2 हजार लोग: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पापुआ न्यू गिनी में हुए भूस्खलन के बाद प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस भीषण भूस्खलन में 670 लोगों की मौत हो गई थी। पीएम मोदी ने समर्थन व्यक्त कर इस बात पर जोर दिया कि भारत हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।

सोशल मीडिया X पर साझा की गई एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, ‘पापुआ न्यू गिनी में विनाशकारी भूस्खलन के कारण हुई जान-माल की हानि और क्षति से बहुत दुखी हूं। प्रभावित परिवारों के प्रति हमारी  संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। भारत हर संभव सहायता और सहयोग देने के लिए तैयार है।’

2000 लोग जमीन में दफन

पिछले सप्ताह शुक्रवार को उत्तरी पापुआ न्यू गिनी के पहाड़ी एंगा क्षेत्र में भूस्खलन आया था। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, देश में अंतर्राष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) के मिशन प्रमुख के अनुमान के अनुसार, इस घातक भूस्खलन में 670 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा, इस बड़े भूस्खलन में लगभग 2000 लोगों के दबे होने की आशंका है।

राष्ट्रीय आपदा केंद्र के कार्यवाहक निदेशक लुसेते लासो माना ने संयुक्त राष्ट्र को लिखे पत्र में कहा, ‘भूस्खलन के कारण 2000 से अधिक लोग जिंदा दफन हो गए, इमारतों और खाद्य बागानों को भारी नुकसान पहुंचा और देश की आर्थिक जीवनरेखा पर बड़ा प्रभाव पड़ा।’

E-Magazine