'धुरंधर-2' से समाज के एक वर्ग के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश: हुसैन दलवई


मुंबई, 19 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म स्टार रणवीर सिंह की मूवी ‘धुरंधर-2’ रिलीज हो चुकी है और दर्शकों की ओर से फिल्म को भरपूर प्यार मिल रहा है। हालांकि, फिल्म को लेकर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने आपत्ति जताई है। उन्होंने दावा किया है कि इस फिल्म के जरिए समाज के एक वर्ग के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।

मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि ‘धुरंधर-2’ फिल्म से धीरे-धीरे लोगों को पता चलेगा कि यह सब जानबूझकर किया जा रहा है। ऐसी फिल्मों को बनाने के लिए पैसा कौन देता है, इन्हें पास कैसे किया जाता है और इसके पीछे कौन लोग हैं, यह सब सामने आएगा। यह कला नहीं है, बल्कि साजिश है, जो समाज के एक वर्ग के खिलाफ माहौल बनाने और लोगों को गुमराह करने के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि फिल्म बनाना, यह उनका धंधा है और वे वही करते रहेंगे। उनकी फिल्मों को ज्यादा लोग देखते भी नहीं हैं। इस विषय को ज्यादा महत्व देने की जरूरत नहीं है। यह आर्टिस्ट नहीं हैं।

भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा राहुल गांधी पर दिए बयान पर पलटवार करते हुए हुसैन दलवई ने कहा कि उनके बारे में ज्यादा नहीं बोलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की इस देश में आज जो इज्जत है, वह कितनी बड़ी और कितनी अच्छी है, यह उन्हें मालूम नहीं है। वह एक्ट्रेस रही हैं, उन्हें पार्टी स्क्रिप्ट लिखकर देती है, जिसे वह पढ़ती हैं। उन्हें बयान देने से पहले सोचना चाहिए कि बयान सही है या गलत। मुझे लगता है कि कंगना के बयान को अधिक महत्व देने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बयान पर हुसैन दलवई ने कहा कि ईरान पर हुए हमले को लेकर हमारी वर्तमान सरकार ने निंदा क्यों नहीं की? जबकि, इराक पर जब हमला हुआ तो पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने निंदा की थी। शशि थरूर जो बयान दे रहे हैं, इससे लगता है कि वे भाजपा में जाने का रास्ता बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ईरान आज भी हमारे साथ है, इसीलिए, वे एलपीजी हमें दे रहा है। हमारी सरकार को इजरायल और अमेरिका को बताना चाहिए कि यह युद्ध जो हो रहा है, वह गलत है।

डीजीसीए के नए सीटिंग नियमों पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि यह नियम कुछ सीटों तक ही सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि सभी सीटों पर लागू होने चाहिए। एयरलाइन कंपनियां बड़े पैमाने पर यात्रियों से पैसे वसूलती हैं, जो गलत है। सरकार को इसमें हस्तक्षेप करना चाहिए। टिकट की कीमतों में लगातार बदलाव और देरी के नाम पर अतिरिक्त शुल्क लेना यात्रियों का शोषण है, जिसे रोका जाना चाहिए। विमान कंपनियों पर सख्त नियंत्रण होना जरूरी है।

–आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम


Show More
Back to top button