उत्तर प्रदेश: रामपुर में एचपीवी वैक्सीन अभियान शुरू, सर्वाइकल कैंसर से मिलेगी सुरक्षा

रामपुर, 18 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन की शुरुआत की गई। इस अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) दीपा सिंह ने जिला अस्पताल के वैक्सीन कक्ष का फीता काटकर किया।
इस पहल के तहत 14 वर्ष की लड़कियों को यह वैक्सीन मुफ्त में दी जाएगी, जिससे उन्हें भविष्य में होने वाले गर्भाशय (सर्वाइकल) कैंसर से बचाया जा सके। सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना को शुरू किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस वैक्सीन का पहले ट्रायल भी किया गया था, जिसमें शामिल लड़कियों ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार का साइड इफेक्ट नहीं हुआ और टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी साबित हुआ। इसके बाद अब इसे व्यापक स्तर पर लागू किया जा रहा है। वर्तमान में यह वैक्सीन सिंगल डोज के रूप में दी जा रही है।
सीएमओ दीपा सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि 14 से 15 वर्ष की सभी लड़कियों को यह वैक्सीन अवश्य लगवानी चाहिए, क्योंकि यह भविष्य में प्रजनन आयु के दौरान होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव में बेहद कारगर है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन जिला अस्पताल में प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर ईद के बाद इसका विस्तार किया जाएगा। उन्होंने इसे जिले के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण और लाभकारी पहल बताया।
वहीं, वैक्सीन लगवाने आईं लड़कियों ने बताया कि उसे टीका लगवाए कुछ घंटे हो चुके हैं और उसे किसी भी प्रकार की परेशानी महसूस नहीं हो रही है। लड़कियों ने कहा कि यह टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेहद जरूरी है और सभी लड़कियों को इसे जरूर लगवाना चाहिए, ताकि वे इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सकें।
–आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी