हरियाणा में दो आईपीएस अधिकारियों का डीजीपी पद पर प्रमोशन, गृह विभाग ने जारी किए आदेश

चंडीगढ़, 18 नवंबर (आईएएनएस)। हरियाणा सरकार के गृह विभाग ने 1993 बैच के दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को प्रमोशन दे दिया है। इसमें आईपीएस आलोक मित्तल और आईपीएस अर्शिंदर चावला का नाम शामिल है। दोनों अधिकारी एडीजीपी से डीजीपी के पद पर प्रमोट हो गए हैं। यह प्रमोशन तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है।
गृह विभाग की ओर से यह आदेश होम सेक्रेटरी सुमिता मिश्रा ने जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक, यह प्रमोशन आईपीएस (कैडर) नियम, 1954 के नियम 8 के प्रावधान और आईपीएस (वेतन) नियम, 2016 के नियम 12(7) के तहत दिया गया है। इसके साथ ही दोनों अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से 2,05,400-2,24,000 के वेतन मैट्रिक्स के लेवल-16 में पदोन्नत किया गया है।
हाल ही में हुई डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी की बैठक में दोनों के नामों पर मंजूरी दी जा चुकी थी, जिसके बाद अब यह आदेश औपचारिक रूप से जारी किया गया है।
प्रमोट हुए अधिकारियों में आलोक मित्तल फिलहाल हरियाणा के एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) को लीड कर रहे हैं और भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाइयों में उनकी भूमिका अहम रही है। दूसरी ओर, अर्शिंदर चावला वर्तमान में हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन के निदेशक के रूप में प्रशिक्षण और सुधारों से जुड़े महत्वपूर्ण काम देख रहे हैं। दोनों अधिकारियों का अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सेवा रिकॉर्ड लंबे समय से प्रशंसनीय माना जाता रहा है।
इन दोनों को डीजीपी रैंक मिलने के बाद अब हरियाणा में डीजीपी पद के अधिकारियों की कुल संख्या 7 हो गई है। इससे पहले प्रदेश में डीजीपी रैंक में मोहम्मद अकील, शत्रुजीत सिंह कपूर, संजीव कुमार, ओपी सिंह और अजय सिंघल शामिल थे।
अंबाला के रहने वाले आईपीएस अरशिंद्र चावला का जन्म 8 सितंबर 1967 को हुआ। 5 सितंबर 1993 को उन्होंने पुलिस विभाग में बतौर आईपीएस ज्वाइन किया था और अब तक के अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं।
वहीं, आईपीएस आलोक मित्तल का जन्म 1969 में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हुआ था। आलोक मित्तल 1993 में भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुए और अब तक हरियाणा तथा राष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
–आईएएनएस
पीआईएम/वीसी