हॉकी वर्ल्ड कप क्वालीफायर : इटली को 1-0 से हराकर भारत ने कटाया फाइनल का टिकट

हैदराबाद, 13 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने ‘एफआईएच हॉकी विश्व कप क्वालीफायर- 2026’ के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए इटली को रोमांचक मुकाबले में 1-0 से हराया। भारत की फाइनल में भिड़ंत इंग्लैंड से होगी।
भारतीय टीम के लिए मैच में एकमात्र गोल मनीषा चौहान ने 40वें मिनट में किया। सेमीफाइनल मुकाबले का पहला क्वार्टर बेहद कड़ा रहा। दोनों टीमें मिडफील्ड में गेंद पर कब्जे के लिए लगातार संघर्ष करती हुई नजर आईं। भारत ने मैच की शुरुआत जोरदार अंदाज में की और कुछ दमदार ‘सर्कल एंट्री’ की। हालांकि, इटली ने भी धीरे-धीरे आक्रामक रुख अपनाना शुरू किया और गोल करने के कुछ अच्छे मौके बनाए।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। मेजबान टीम ने गेंद को आगे बढ़ाने के लिए मैदान के किनारों का इस्तेमाल किया। भारतीय टीम ने बड़ी संख्या में हमले बोले और गोल के करीब (सर्कल में) कई अहम एंट्री कीं। 18वें मिनट में भारत को मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन नवनीत कौर के शॉट को इटली की गोलकीपर लूसिया इनेस कारुसो ने शानदार तरीके से रोक दिया।
27वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इटली की डिफेंडर ने गोल-लाइन पर ही उनके शॉट को रोककर भारत को गोल करने से वंचित कर दिया। 29वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल करने का एक और मौका मिला, पर नवनीत कौर का शॉट लक्ष्य से भटक गया।
दूसरे हाफ के शुरुआती मिनटों में इटली ने गोल पर जोरदार हमला बोला। एमिलिया मुनिटिस गोल के बेहद करीब पहुंच गई थीं, लेकिन भारत की गोलकीपर बिचू देवी खारीबाम ने आगे बढ़कर एक अहम बचाव किया। 40वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार टीम ने उसे सफलतापूर्वक गोल में बदलकर मैच में 1-0 की बढ़त बना ली।
मनीषा चौहान (40वें मिनट) ने मैदान के बीच से एक जोरदार ड्रैग-फ्लिक लगाया और वह इटली के डिफेंस को भेदने में सफल रहीं। आखिरी क्वार्टर के शुरुआती मिनटों में भारत को दो और पेनल्टी कॉर्नर मिले। टीम ने मैच के अंतिम चरण में अपनी बढ़त को और बढ़ाने की पूरी कोशिश की। हालांकि, इटली के डिफेंस ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए भारत को गोल करने का मौका नहीं दिया। इटली ने मैच के आखिरी मिनटों में अपनी पूरी जान लगा दी और 59वें मिनट में एक अहम पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, पर भारत ने अपने विरोधी को बराबरी का गोल करने से रोक दिया और जीत हासिल की। भारतीय टीम अब फाइनल मुकाबले में 14 मार्च को इटली से भिड़ेगी।
–आईएएनएस
एसएम/एबीएम