फिल्म 'रवि कुमार' की पहली सालगिरह पर हिमेश रेशमिया ने किया बड़ा खुलासा

मुंबई, 7 फरवरी (आईएएनएस)। एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘बैडएस रवि कुमार’ ने रिलीज के एक साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर फिल्म के मुख्य कलाकार हिमेश रेशमिया ने इंस्टाग्राम के जरिए फैंस को धन्यवाद दिया।
गायक और अभिनेता हिमेश रेशमिया ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक सीन शेयर किया, जिसके साथ अभिनेता ने लिखा, “जय माता दी। फिल्म ‘बैडएस रवि कुमार’ को आपने जो प्यार दिया, उसके लिए सभी का तहे दिल से धन्यवाद। एक साल बीत गया और फिल्म का ट्रैक्शन, इसका डायलॉग हर दिन प्लेटफॉर्म्स, कॉन्सर्ट्स और कमर्शियल्स में बढ़ती जा रही है। इसके लौटने और कुछ बड़े अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए। बहुत सारा प्यार। यहां फिल्म के एक और सुपरहिट डायलॉग की झलक है।”
हिमेश ने पोस्ट में यह भी हिंट दिया कि फिल्म जल्द ही कुछ बड़े अपडेट्स के साथ वापस लौट सकती है।
यह फिल्म ‘द एक्सपोज’ की दूसरी कड़ी थी, जिसमें हिमेश रेशमिया ने अपने मशहूर किरदार रवि कुमार को फिर से दोहराया था। साथ ही, यह एक म्यूजिकल एक्शन-स्पूफ फिल्म भी है, जिसमें 80 के दशक का रेट्रो स्टाइल, धमाकेदार एक्शन, हास्य और हिमेश के सुपरहिट गाने शामिल हैं।
हिमेश रेशमिया की ‘बैडएस रवि कुमार’ एक हिंदी एक्शन-म्यूजिकल फिल्म है, जो 7 फरवरी, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। कीथ गोम्स द्वारा निर्देशित और हिमेश रेशमिया द्वारा निर्मित इस फिल्म में प्रभु देवा, सौरभ सचदेवा और जॉनी लीवर भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
फिल्म को लेकर दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। हालांकि, इसके गाने, डायलॉग्स और मस्ती भरा अंदाज लोगों को बहुत पसंद आया था।
भारतीय संगीत निर्देशक, गायक, अभिनेता और फिल्म निर्माता हिमेश रेशमिया की बात करें, तो वे बॉलीवुड में अपनी विशिष्ट स्टाइल और कैची धुनों के लिए प्रसिद्ध हैं। उन्होंने 1998 में प्यार किया तो डरना क्या से संगीतकार के रूप में शुरुआत की और तेरे नाम (2003) से सफलता पाई। उन्होंने कई गाने रचे हैं और कई हिट गाने गाए हैं।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम