बठिंडा : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन पंजाब के वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलवीर सिंह


बठिंडा, 22 फरवरी (आईएएनएस)। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि राज्य में बड़े स्तर पर नए मेडिकल कॉलेज तैयार किए जा रहे हैं, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में नई क्रांति की शुरुआत करेंगे। वह बठिंडा स्थित बलवंत गार्गी ऑडिटोरियम में आयोजित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन पंजाब के वार्षिक सम्मेलन 2025 में शामिल हुए।

तीन दिवसीय इस सम्मेलन में पंजाब के विभिन्न जिलों से 800 से अधिक डॉक्टरों ने भाग लिया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टरों को सम्मानित भी किया।

मीडिया से बातचीत में डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम हर साल आयोजित किया जाता है और पंजाब सरकार के सहयोग से संपन्न होता है। उन्होंने कहा कि सरकार और डॉक्टर मिलकर राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार जब भी कोई नई स्वास्थ्य योजना शुरू करती है, तो डॉक्टरों से सलाह ली जाती है। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, क्योंकि सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को मुफ्त और बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पंजाब में 16 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। इनमें से कुछ कॉलेजों का निर्माण कार्य विभिन्न जिलों में जारी है, जबकि कुछ जल्द शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगरूर, लेहरा के दूरदराज क्षेत्रों और लुधियाना में भी नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।

डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब को स्वस्थ और समृद्ध समाज बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को बीमारियों और उनके इलाज के कारण कर्ज में डूबने से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने विश्वास जताया कि नए मेडिकल कॉलेज राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करेंगे और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान करेंगे।

–आईएएनएस

एएमटी/एमएस


Show More
Back to top button