'वह पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें रिमोट वर्क के लिए बुलाया गया'
नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बीच ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार एक बार फिर चर्चा का विषय बन गए हैं। चोट के कारण उनकी टीम से लगातार गैरमौजूदगी को लेकर ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने मजाकिया टिप्पणी की, जिसके बाद इस मुद्दे पर बहस और तेज हो गई है।
नेमार ग्रुप सी में हैती के खिलाफ खेले गए ब्राजील के दूसरे मुकाबले में भी मैदान पर नहीं उतरे। 34 वर्षीय फॉरवर्ड खिलाड़ी को 17 मई को अपने क्लब सैंटोस के लिए खेलते समय पिंडली में ग्रेड-2 चोट लगी थी। वह अब भी पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं और इसी कारण वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों में नहीं खेल रहे हैं। मोरक्को के खिलाफ ब्राजील का पहला मैच 1-1 से ड्रॉ रहा था। उस मुकाबले में टीम को नेमार की कमी साफतौर पर खली थी। ब्राजील को गोल करने के ज्यादा मौके नहीं मिले और टीम आक्रमण में वह धार नहीं दिख सकी जिसके लिए ब्राजील को जाना जाता है।
नेमार के शुरुआती दो मुकाबलों में न खेलने को लेकर ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने एक कार्यक्रम के दौरान माजाकिया अंदाज में कहा, “नेमार तो खेल भी नहीं रहे हैं। वह दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें रिमोट वर्क के लिए बुलाया गया है।” उनकी यह टिप्पणी सोशल मीडिया और ब्राजीलियाई मीडिया में तेजी से वायरल हो गई।
राष्ट्रपति के बयान के बाद यह सवाल फिर उठने लगे कि क्या नेमार को पूरी तरह फिट हुए बिना वर्ल्ड कप टीम में शामिल करना सही फैसला था। कई आलोचकों का मानना है कि टीम में किसी फिट खिलाड़ी को जगह दी जा सकती थी, जो टीम के लिए पहले मैच से योगदान दे सकता था। हालांकि, ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी अपने फैसले पर कायम हैं। उनका मानना है कि नेमार सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि टीम के सबसे अनुभवी और प्रभावशाली सदस्यों में से एक हैं। एंसेलोटी का कहना है कि बड़े टूर्नामेंट में उनका अनुभव और नेतृत्व टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, नेमार अब हल्की ट्रेनिंग और टीम के साथ कुछ अभ्यास सत्रों में हिस्सा लेने लगे हैं। हालांकि, मेडिकल टीम ने अभी उन्हें प्रतिस्पर्धी मैच खेलने की अनुमति नहीं दी है। उम्मीद की जा रही है कि अगर उनकी फिटनेस में सुधार जारी रहा तो वह 24 जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ ब्राजील के अंतिम ग्रुप मैच में वापसी कर सकते हैं।
नेमार ब्राजील के लिए सबसे ज्यादा 79 अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। वह इस मामले में महान खिलाड़ी पेले को भी पीछे छोड़ चुके हैं। यह उनका चौथा वर्ल्ड कप है। इससे पहले वह 2014, 2018 और 2022 में हुए वर्ल्ड कप में ब्राजील टीम का हिस्सा रह चुके हैं और इस दौरान उन्होंने कुल 8 गोल किए हैं।
–आईएएनएस
एसएम/पीएम