हर्षवर्धन राणे ने शुरू की 'फोर्स 3' की तैयारी? डैलस के पुराने आर्मी स्टोर से खरीदे खास जूते


मुंबई, 13 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेता हर्षवर्धन राणे अपने काम के साथ-साथ जीवन को खास अंदाज में जीने पर यकीन रखते हैं। वे अक्सर अपने काम से समय निकालकर घूमने निकल जाते हैं और नई जगहों का आनंद लेते हैं। इन दिनों में वे अमेरिका के शहर डैलस की सैर पर गए हुए हैं।

इस यात्रा की कुछ झलकियां उन्होंने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं। इनमें से कुछ तस्वीरों में वे प्लेन के अंदर नजर आ रहे हैं, लेकिन सबसे खास बात उनकी आखिरी स्लाइड वाला वीडियो है। इसमें वे बूट्स खरीदते नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने अपनी पोस्ट के जरिए फैंस को अपनी आगामी फिल्म ‘फोर्स 3’ का इशारा किया। उन्होंने लिखा, “जैसे ही मैं डैलस पहुंचा, सबसे पहले मैं एक पुराने आर्मी स्टोर गया। वहां से मैंने एक जोड़ी बूट्स खरीदे, जिन्हें शायद मैं ‘फोर्स 3’ में इस्तेमाल करूंगा।”

फैंस को अभिनेता की पोस्ट काफी पसंद आ रही है। वे ये कयास लगा रहे हैं कि फिल्म फोर्स 3 की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है, जिस वजह से अभिनेता फिल्म की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

‘फोर्स 3’ एक आगामी हिंदी एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसे भव धूलिया निर्देशित कर रहे हैं। यह फिल्म ‘फोर्स’ फ्रेंचाइजी का रीबूट है, जिसमें जॉन अब्राहम एसीपी यशवर्धन के रूप में धमाकेदार एक्शन करते नजर आएंगे। हालांकि फिल्म को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि 2027 में फोर्स 3 को रिलीज किया जा सकता है।

‘फोर्स’ साल 2011 में रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इसके बाद साल 2016 में इसका सीक्वल रिलीज किया गया था और अब लंबे अंतराल के बाद फोर्स 3 वापसी कर रही है।

हर्षवर्धन जल्द ही फिल्म ‘सिला’ में नजर आएंगे। इसमें अभिनेता के साथ अभिनेत्री सादिया खातिब नजर आएंगी। वहीं, करणवीर मेहरा विलेन की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन इसकी रिलीज को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है।

–आईएएनएस

एनएस/वीसी


Show More
Back to top button