स्पिनरों के खिलाफ अपने बल्लेबाजों के प्रदर्शन से निराश नहीं हूं: हैरी ब्रूक


मुंबई, 12 फरवरी (आईएएनएस)। वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार को खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड को वेस्टइंडीज के खिलाफ 30 रन से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड को वेस्टइंडीज के स्पिनरों ने परेशान किया। स्पिनर ही मुख्य रूप से इंग्लैंड की हार का कारण रहे, लेकिन हैरी ब्रूक ने इस बात को मानने से इनकार किया कि वह टीम के स्पिन के खिलाफ खेलने के तरीके से निराश हैं।

मैच के बाद हैरी ब्रूक ने कहा, “मैं अपने बल्लेबाजों के स्पिन के खिलाफ खेलने के तरीके से निराश नहीं हूं। हम वापस जाकर इस पर सोचेंगे और कुछ दिनों में फिर से खेलेंगे।”

हैरी ब्रूक खुद भी स्पिनर का शिकार बने थे। उन्हें गुडाकेश मोती ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। हैरी ब्रूक के अलावा, जोस बटलर, जैकब बेथल, टॉम बैंटन, विल जैक्स, और जेमी ओवरटन स्पिन का शिकार बने।

वेस्टइंडीज की जीत में उनके स्पिनरों की अहम भूमिका रही। स्पिनरों के सामने अंग्रेज बल्लेबाजों के बल्ले उठे जैसे उठे ही नहीं। वेस्टइंडीज के स्पिन गेंदबाजों ने 12 ओवर फेंके और 6 विकेट आपस में बांटे।

गुडाकेश मोती श्रेष्ठ रहे। उन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए। रोस्टन चेज ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 और अकिल हुसैन ने 4 ओवर में 32 रन देकर 1 विकेट लिए। इन तीनों स्पिनरों ने अपनी कसी हुई गेंदबाजी से दबाव बनाया और दबाव में इंग्लैंड लगातार अपनी विकेट खोती चली गई।

मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। शरफेन रदरफोर्ड के 42 गेंद पर बनाए नाबाद 76 रन की मदद से वेस्टइंडीज ने 6 विकेट पर 196 रन बनाए थे।

इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम सैम करन के 30 गेंद पर बनाए नाबाद 43 रन की पारी के बावजूद 19 ओवर में 166 रन पर सिमट गई और 30 रन से मैच हार गई।

इंग्लैंड ने नेपाल के खिलाफ अपना पहला मुकाबला मुश्किल से जीता था। वेस्टइंडीज से मिली हार के बाद इंग्लैंड की तैयारियों पर सवालिया निशान है।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button