गुजरात टाइटंस का 'शुभारंभ 2026', पांच साल के सफर पर रंगारंग कार्यक्रम


अहमदाबाद, 23 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जिससे पहले गुजरात टाइटंस ने अपने के सफर की शुरुआत ‘शुभारंभ 2026’ के साथ की। अहमदाबाद में सोमवार की शाम यादगार रही, जिसमें पूरी टीम, फ्रेंचाइजी के मालिक, पार्टनर और फैंस एकजुट हुए। इस शाम टीम के पांच साल के सफर पर नजर डाली गई।

एकता, महत्वाकांक्षा और ‘गुजरात-फर्स्ट’ सोच को प्रदर्शित करते हुए इस शाम ने फ्रेंचाइजी की पहचान को और मजबूत किया। इस कार्यक्रम में आत्मचिंतन, सम्मान और सांस्कृतिक उत्सव का सुंदर मेल देखने को मिला, जिसने टीम और उसके प्रशंसकों के साथ-साथ पूरे राज्य के साथ उसके गहरे संबंध को फिर से उजागर किया।

यह अवसर इस बात की याद दिलाता है कि कैसे गुजरात टाइटंस लीग की सबसे गतिशील, निरंतर प्रदर्शन करने वाली और फैन-आधारित फ्रेंचाइजी में से एक बन गई है।

अपने पहले ही सीजन में खिताब जीतकर एक मजबूत विरासत बनाने से लेकर लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करने और आईपीएल की सबसे सक्रिय फैन कम्युनिटी तैयार करने तक, गुजरात टाइटंस ने हमेशा संस्कृति, नेतृत्व और दीर्घकालिक दृष्टि पर स्पष्ट फोकस के साथ आगे बढ़ने का उदाहरण पेश किया है।

टॉरेंट ग्रुप के डायरेक्टर और गुजरात टाइटंस के चेयरमैन जिनाल मेहता, टॉरेंट ग्रुप के डायरेक्टर और गुजरात टाइटंस के डायरेक्टर शान मेहता, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर कर्नल अरविंदर सिंह, हेड कोच आशीष नेहरा और क्रिकेट डायरेक्टर विक्रम सोलंकी की मौजूदगी ने एक एकजुट लीडरशिप और टीम के शानदार माहौल को दिखाया। इस पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण टीम के सामूहिक सफर का जश्न था। इसमें एक खास पल कप्तान शुभमन गिल को समर्पित था, जिन्हें टीम की लगातार अच्छी परफॉर्मेंस, विकास और बड़े सपनों की कहानी के बीच खास तौर पर सराहा गया।

संगीत, संस्कृति और जश्न के रंगों से सजी इस शाम को मंदिरा बेदी ने होस्ट किया, जिसमें एक ऊर्जावान ओपनिंग एक्ट और शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम के खिलाड़ियों को अनोखे अंदाज में पेश किया गया। इस दौरान पूरी टीम एक साथ मंच पर नजर आई, जिसने गुजरात की भावना को जीवंत कर दिया। भूमि त्रिवेदी और किंजल दवे के शानदार प्रस्तुतियों ने इस अनुभव को और खास बना दिया। गुजरात टाइटंस 31 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत करेगी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button