कर्नाटक के मुख्यमंत्री निर्दयी, उन्हें पद से इस्तीफा कर देना चाहिए : गिरिराज सिंह


पटना, 5 जून (आईएएनएस)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 18 साल के इंतजार के बाद आईपीएल ट्रॉफी उठाने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत के जश्न के दौरान बुधवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में कई लोगों की मौत पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की मांग की है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गुरुवार को कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री निर्दयी हैं। उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान की निंदा की, जिसमें उन्होंने इस घटना की तुलना कुंभ मेले से की।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि उन्होंने जिन शब्दों का प्रयोग किया है, उन्हें शर्म आनी चाहिए। आखिर वे भी राहुल गांधी का ही कुनबा हैं, जो देश की सेना का सम्मान नहीं करते, देश का सम्मान नहीं करते।

आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम जीत के जश्न के लिए बुधवार को बेंगलुरु में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंची थी। स्टेडियम खचाखच भरा था और लाखों की संख्या में बाहर इंतजार कर रहे फैंस अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।

घटना के बाद बयानबाजियों का दौर शुरू हो गया। जदयू ने भी कर्नाटक के मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगा है। जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का इस मामले पर दिया गया बयान गैर-जिम्मेदाराना है। ऐसे बयानों से वह लोकतंत्र और जिम्मेदारियों का अपमान कर रहे हैं। जिस तरह से अनुमान लगाने में कर्नाटक सरकार विफल रही कि जीत के जश्न में कितने लोग आ सकते हैं, इसे लेकर एहतियाती कदम नहीं उठाए गए और अनेक इंसानी जिंदगियों की बलि चढ़ गई। कई लोग घायल हुए। अफरा-तफरी का वातावरण लंबे समय तक चलता रहा लेकिन कोई प्रभावी इंतजाम घटना घटने के बाद भी कर्नाटक के अधिकारी करते नहीं दिख रहे थे।

उन्होंने कहा, “यह घटना कर्नाटक सरकार की विफलता है और जदयू मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की मांग करती है।”

–आईएएनएस

एमएनपी/एकेजे


Show More
Back to top button