लीजेंड्स के बीच पहचान मिलना बेहद खास: शुभमन गिल


नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के वनडे और टेस्ट फॉर्मेट के कप्तान शुभमन गिल को हाल ही में बीसीसीआई द्वारा नई दिल्ली में आयोजित ‘नमन अवॉर्ड्स’ में बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर (पुरुष) के लिए प्रतिष्ठित पॉली उमरीगर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

शुभमन गिल ने सम्मान के लिए बीसीसीआई का आभार जताते हुए कहा कि पूर्व में इस सम्मान को हासिल कर चुके कुछ लेजेंड्स और आदर्श खिलाड़ियों के बीच सम्मानित होने से यह उपलब्धि और भी खास हो गई।

बीसीसीआई द्वारा एक्स पर साझा की गई वीडियो में शुभमन गिल ने कहा, “उन लेजेंड्स और आइडल्स के बीच पहचान मिलना बहुत अच्छा लगता है जिन्होंने मुझसे पहले यह अवॉर्ड जीता है। यह सच में एक बहुत बड़ा सम्मान है जब आप हर बार मैदान पर उतरते हैं और अपने देश का उस खेल में प्रतिनिधित्व करते हैं। उस खेल में अच्छा करना और बीसीसीआई से पहचान मिलना बहुत बड़ा सम्मान है।”

पिछले साल की इंग्लैंड टेस्ट सीरीज को याद करते हुए गिल ने कहा, “मुझे लगता है कि यह अब तक का एक शानदार सफर रहा है। इंग्लैंड सीरीज में जाना और पहले टेस्ट मैच के बाद जहा हम थे, वहां से सीरीज ड्रॉ कराना, और उसके बाद भी, वेस्टइंडीज और एशिया कप में खेलना, यह सच में एक शानदार साल रहा है।”

गिल को ये पुरस्कार मिलने में इंग्लैंड दौरे का अहम रोल रहा था। इंग्लैंड टेस्ट सीरीज की दस पारियों में उन्होंने 75.40 की औसत से 754 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक निकले थे। सर्वाधिक स्कोर 269 रहा था। गिल 2025 में नौ मैचों में 70.21 की औसत से 983 रन बनाकर टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे।

गिल ने कहा कि भारतीय टीम को भविष्य में श्रीलंका, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के साथ जरूरी सीरीज खेलनी हैं, जिससे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें तय हो सकती हैं। टीम अभी नौ मैचों में चार जीत और एक ड्रॉ के साथ छठे नंबर पर है। फाइनल के लिए हमें ज्यादातर मैच जीतने होंगे।

भारतीय कप्तान ने टीम के सपोर्ट स्टाफ, जिसमें हेड कोच गौतम गंभीर के साथ-साथ बड़ी कोचिंग यूनिट और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के स्टाफ शामिल हैं, को भारतीय टीम को श्रेष्ठ और निडर टीम बनाने का श्रेय दिया।

शुभमन गिल ने बीसीसीआई और मौजूदा आईसीसी अध्यक्ष जय शाह (पूर्व बीसीसीआई सचिव) से मिले सहयोग की भी तारीफ की।

उन्होंने कहा, “बीसीसीआई, खासकर जय भाई और अन्य अधिकारियों से हमें जो सहयोग मिला है, वह बहुत अच्छा रहा है। हमारे क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने जो पहल की हैं, उनसे हमें सच में बहुत मदद मिली है। जब मैं घायल हुआ, तब भी ट्रेनिंग, अभ्यास और सुविधाओं ने प्रदर्शन में बहुत बड़ा रोल निभाया।”

गिल ने कहा, “हम चाहते हैं कि हमें, खासकर रेड-बॉल क्रिकेट में, एक ऐसी टीम के तौर पर देखा जाए जो आसानी से हार नहीं मानती। हम सभी खिलाड़ियों में ऐसा कैरेक्टर डालना चाहते हैं।”

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button