‘बिहार में विकास की गंगा बह रही है’, तेजस्वी यादव के सवाल पर बोले केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय


पटना, 28 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से राज्य सरकार से बजट का हिसाब मांगने पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की गंगा बह रही है, लेकिन तेजस्वी यादव को दिखाई नहीं देगा।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि योजनाओं के लिए बजट की कोई कमी नहीं है।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जब उनके पिता या माता सत्ता में थे, तब बजट लगभग 2,000-2,500 करोड़ रुपए का था। अब बिहार सरकार का बजट 3 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो चुका है। राय ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि तेजस्वी को समझ नहीं आ रहा कि वे क्या बोल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को खुद समझना चाहिए कि बिहार में विकास की गंगा बह रही है। इससे बिहार की उन्नति और प्रगति हुई है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और नीतीश कुमार के प्रयासों का परिणाम है। बिहार में विकास ही विकास हो रहा है। नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार सरकार में किसी भी काम के लिए बजट की कोई कमी नहीं है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका तो घोटाला करने का स्वभाव है। जब सरकार पारदर्शिता से काम करती है तो जरूरत पड़ने पर बजट का हिसाब भी रखा जाता है। डबल इंजन की सरकार होने से जब भी बजट की जरूरत पड़ती है तो पीएम मोदी बिहार के लिए खजाना खोल देते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार सक्षम है, घोषणाएं करती है और परिश्रम से उन्हें पूरा भी करती है। जो घोषणाएं हुई हैं, वे सभी पूरी हो चुकी हैं। अब तो पैसे सीधे खातों में जा रहे हैं, जो बजट उपलब्ध होने से ही संभव है।

भाजपा नेता विवेक ठाकुर ने तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनके अंदर छटपटाहट साफ दिख रही है। बिहार में अब घोषणाएं नहीं होतीं, सीधा पैसा खातों में जाता है। बिहार की जनता एनडीए के साथ है।

–आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी


Show More
Back to top button