'झाबुआ के गांधी' पद्मश्री महेश शर्मा ने पीएम मोदी के कार्यकाल को माना अद्भुत, बोले- ये नए भारत के निर्माण का समय

झाबुआ, 9 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने केंद्र में 11 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर पद्मश्री सम्मानित और ‘झाबुआ के गांधी’ नाम से पहचाने जाने वाले महेश शर्मा ने कहा कि यह समय ‘नए भारत के निर्माण’ का है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने न केवल योजनाएं बनाई, बल्कि उन्हें नीचे स्तर तक के लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए क्रियान्वित भी किया।
सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर महेश शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह राष्ट्र को एक परिवार की तरह जोड़ा है, उसकी प्रशंसा हर जगह हो रही है। वह केवल उपदेश नहीं देते, बल्कि उन्हें खुद पर लागू करके उदाहरण पेश करते हैं।”
महेश शर्मा ने कहा कि जब उन्हें पद्मश्री सम्मान मिलने की सूचना दी गई, तो वे हैरान रह गए। उन्होंने कहा,“ यकीन ही नहीं हुआ कि मुझे यह राष्ट्रीय सम्मान मिल सकता है। जब मैंने अधिकारियों से पूछा कि चयन कैसे हुआ, तो उन्होंने बताया कि एक विशेष समिति बनाई गई है जो दूर-दराज में समाज के लिए निःस्वार्थ काम करने वालों की पहचान करती है। सिफारिश की कोई जरूरत नहीं है। 2014 के बाद बड़ा परिवर्तन यह आया कि अब गुमनाम रहकर काम करने वालों को भी पहचान और सम्मान मिल रहा है।”
महेश शर्मा ने पीएम मोदी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा, ” उन्होंने भारतीय राजनीति से परिवारवाद को खत्म करने का कार्य किया है और समाज को राष्ट्रभाव से जोड़ने में सफलता पाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन में जो भी कहा, उसे पहले जी कर दिखाया। उन्होंने दिखा दिया कि एक व्यक्ति भी पूरे देश को दिशा दे सकता है।”
महेश शर्मा ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक बनाने के लिए सुझाव मांगे थे। यह क्षेत्र आदिवासी बलिदान की भूमि मानी जाती है। यह कदम दिखाता है कि आदिवासी समाज को भी अब राष्ट्रीय पहचान दी जा रही है। हमारे सांस्कृतिक गौरव को पुनर्जीवित किया जा रहा है। आज गांव-गांव में लोग मानते हैं कि यह प्रधानमंत्री हमारे अपने हैं। मोदी जी ने देश में वह भरोसा पैदा किया है, जो पहले नहीं था। अब जनता को लगता है कि उनकी आवाज दिल्ली तक पहुंच रही है।
बता दें कि भारत सरकार की ओर से वर्ष 2019 में घोषित पद्म पुरस्कारों में मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के समाजसेवी महेश शर्मा को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया। महेश शर्मा पिछले बीस वर्षों से झाबुआ के आदिवासी इलाकों में जल संरक्षण, पर्यावरण सुधार और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। आदिवासी बहुल इस क्षेत्र में वे इतने लोकप्रिय हैं कि लोग उन्हें “झाबुआ का गांधी” कहकर पुकारते हैं।
–आईएएनएस
एएसएच/केआर