पाकिस्तान में ईंधन संकट: पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते ही महंगा हुआ सफर और माल परिवहन


इस्लामाबाद, 19 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में सार्वजनिक परिवहन के किराए बढ़ गए हैं, माल ढुलाई के शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है। वहीं, पेट्रोल पंप संचालकों ने ईंधन की कीमतों में बार-बार बदलाव की सरकारी नीति के विरोध में देशव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है।

पाकिस्तान सरकार की ओर से शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए जाने के बाद रावलपिंडी और इस्लामाबाद में परिवहन संचालकों ने तुरंत नए किराए लागू कर दिए। सार्वजनिक परिवहन के किराए में 15 से 17 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है जबकि माल ढुलाई करने वालों ने भाड़ा 20 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है।

पाकिस्तान के दैनिक समाचार पत्र ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, परिवहन संगठनों का कहना है कि अब जब भी ईंधन की कीमतों में बदलाव होगा, उसी के हिसाब से किराए भी बदले जाएंगे।

ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों और छात्रों के लिए चलने वाली पिक एंड ड्रॉप सेवाओं ने भी कहा है कि पेट्रोल और डीजल के दामों में बदलाव के साथ उनके शुल्क भी बदलेंगे। रावलपिंडी और इस्लामाबाद में सार्वजनिक परिवहन का न्यूनतम स्टॉप-टू-स्टॉप किराया बढ़ाकर 60 पाकिस्तानी रुपये कर दिया गया है।

लंबी दूरी तक सामान ले जाने वाले ट्रांसपोर्टरों ने भी अपने किराए बढ़ा दिए हैं। बताया गया है कि कराची से पेशावर के बीच कंटेनर, ट्रेलर और बड़े मालवाहक वाहनों का भाड़ा बढ़कर करीब आठ लाख पाकिस्तानी रुपये हो गया है।

परिवहन संचालकों के अनुसार, रावलपिंडी जिले में शहरों के बीच चलने वाली बसों के किराए में 15 प्रतिशत, जिले के अंदर चलने वाले रूटों के किराए में 17 प्रतिशत और रावलपिंडी से इस्लामाबाद के बीच चलने वाली सेवाओं के किराए में 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है। लंबी दूरी की बस सेवाओं के किराए में भी 17 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।

शुक्रवार को पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल की कीमत में 5.44 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल की कीमत में 31.05 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। यह बढ़ोतरी अगले तीन दिनों यानी 20 जुलाई तक लागू रहेगी। सरकार ने यह फैसला पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों और आयात लागत बढ़ने के कारण लिया है।

इस बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 316.15 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 354.35 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है।

पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में बदलाव हो रहा है, इसलिए अब ईंधन की कीमतें रोजाना तय की जाएंगी।

–आईएएनएस

एवाई/पीएम


Show More
Back to top button