पेइचिंग में 14वीं एनपीसी का चौथा सत्र संपन्न हुआ

बीजिंग, 12 मार्च (आईएएनएस)। पेइचिंग समयानुसार, 12 मार्च को दोपहर बाद तीन बजे, 14वीं चीनी राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा (एनपीसी) के चौथे सत्र का समापन समारोह राजधानी पेइचिंग के जन वृहद भवन में आयोजित किया गया। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग सहित पार्टी एवं देश के नेताओं ने समापन सत्र में भाग लिया।
सम्मेलन ने सरकारी कार्य रिपोर्ट, ’15वीं पंचवर्षीय योजना’ की रूपरेखा और एनपीसी स्थायी समिति की कार्य रिपोर्ट को मंजूरी दी, और ‘पारिस्थितिक एवं पर्यावरण संहिता’ सहित कई कानूनों को अपनाया। राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने राष्ट्रपति अध्यादेश संख्या 70, 71, 72 और 73 पर हस्ताक्षर किए।
इस सत्र में कई अहम प्रस्ताव और कानून पारित किए गए, जिनमें सरकारी कार्य रिपोर्ट पर प्रस्ताव, राष्ट्रीय आर्थिक एवं सामाजिक विकास की 15वीं पंचवर्षीय योजना की रूपरेखा पर प्रस्ताव, ‘चीन लोक गणराज्य पारिस्थितिक और पर्यावरण संहिता’, ‘चीन लोक गणराज्य जातीय एकता एवं प्रगति संवर्धन कानून’, ‘चीन लोक गणराज्य राष्ट्रीय विकास योजना कानून’, वर्ष 2025 की राष्ट्रीय आर्थिक एवं सामाजिक विकास योजना के कार्यान्वयन और 2026 की योजना पर प्रस्ताव शामिल हैं।
सम्मेलन के अनुसार, ‘पारिस्थितिक और पर्यावरण संहिता’ 15 अगस्त, 2026 से प्रभावी होगी, ‘जातीय एकता एवं प्रगति संवर्धन कानून’ 1 जुलाई, 2026 से प्रभावी होगा और ‘राष्ट्रीय विकास योजना कानून’ इसके प्रकाशन की तिथि से प्रभावी होगा।
इसके अलावा, सम्मेलन ने मतदान के माध्यम से वर्ष 2025 के केंद्रीय एवं स्थानीय बजट के कार्यान्वयन और 2026 के बजट पर प्रस्ताव, एनपीसी की स्थायी समिति की कार्य रिपोर्ट पर प्रस्ताव, सर्वोच्च जन अदालत की कार्य रिपोर्ट पर प्रस्ताव, सर्वोच्च जन प्रोक्यूरेटोरेट की कार्य रिपोर्ट पर प्रस्ताव, कानूनी समीक्षा कार्य और संबंधित कानूनों एवं निर्णयों के निपटान पर स्थायी समिति की रिपोर्ट को मंजूरी देने आदि प्रस्तावों को पारित किया।
सम्मेलन में 14वीं एनपीसी स्थाई समिति के अध्यक्ष चा लेची ने भाषण दिया। उन्होंने एनपीसी के कार्यों और जिम्मेदारियों के आधार पर चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व का पालन करते हुए देश के स्वामी के रूप में लोगों की स्थिति और कानून के शासन को बनाए रखने पर प्रकाश डाला और कहा कि समग्र जन-प्रक्रिया लोकतंत्र का अभ्यास करते हुए एनपीसी प्रणाली को बनाए रखना चाहिए। साथ ही उसमें सुधार करना और उसे सुचारू ढंग से संचालित करना चाहिए और देश की मूलभूत राजनीतिक व्यवस्था के लाभों का पूरा उपयोग करना चाहिए।
साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि संविधान और कानूनों द्वारा सौंपे गए कर्तव्यों को ईमानदारी से पूरा करते हुए ’15वीं पंचवर्षीय योजना’ के लक्ष्यों और कार्यों को प्राप्त करने के लिए कानूनी गारंटी प्रदान करना आवश्यक है, एनपीसी प्रतिनिधियों को जनता के हितों और इच्छाओं का निष्ठापूर्वक प्रतिनिधित्व करना चाहिए, कानून के अनुसार अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। वहीं जनता के साथ घनिष्ठ संबंध बनाए रखना चाहिए और अपने-अपने पदों पर रहते हुए योगदान देना चाहिए।
सम्मेलन के अंत में, चाओ लेची ने यह घोषणा की कि 14वीं चीनी राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा का चौथा सत्र सभी एजेंडे सफलतापूर्वक पूरे करने के बाद संपन्न हो गया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
डीकेपी/