मुंबई : नौसेना में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

मुंबई, 13 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई की दादर पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय नौसेना में भर्ती के नाम पर 15 लोगों से 76 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ठगी के आरोप में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान अनुज मायेकर, नितिन शेट्ये, गणेश नागरकर और श्रद्धा गोठीवरेकर के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी का केस दर्ज किया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
यह घटना तब सामने आई जब वर्ली कोलीवाड़ा के निवासी मयूर मंगेश दलवी ने पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2024 में वह आरोपियों के संपर्क में आए थे, जिन्होंने उन्हें भारतीय नौसेना में अधिकारी पदों पर भर्ती का आश्वासन दिया था। आरोपियों ने मयूर से पूछा कि क्या वह अन्य उम्मीदवारों को जानता है, जो नौसेना में भर्ती होने के इच्छुक हैं और मयूर ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को इस अवसर के बारे में बताया। इसके बाद 15 लोग इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो गए, और सभी ने मिलकर कुल 76 लाख रुपये आरोपियों को दिए।
पुलिस के मुताबिक, यह लेन-देन 5 दिसंबर 2024 से 13 फरवरी 2025 के बीच हुआ था। लेकिन, समय सीमा पूरी होने के बावजूद किसी भी पीड़ित को नौकरी नहीं मिली। इसके बाद मयूर और अन्य पीड़ितों ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने टालमटोल शुरू कर दी। जब पीड़ितों को महसूस हुआ कि कुछ गड़बड़ है, तो उन्होंने आरोपियों से अपना पैसा वापस मांगा, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
इसके बाद मयूर और उसके दोस्तों ने दादर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, और आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप लगाए। आरोपी पहले फर्जी दस्तावेज दिखाकर पीड़ितों को विश्वास दिलाते थे कि वे खुद नौसेना में काम करते हैं और अधिकारी पदों के लिए गुप्त रूप से भर्ती निकाली जा रही है। इसके लिए उन्हें पांच लाख रुपये देने होंगे। कुछ पीड़ितों ने आरोपियों से यह भी कहा था कि उनके परिवार ने भी भर्ती के लिए छह लाख रुपये दिए थे। हालांकि, पैसे लेने के बाद आरोपियों ने फोन पर संपर्क करना बंद कर दिया था।
–आईएएनएस
पीएसके/एकेजे