सीबीएसईए 10वीं बोर्ड का पहला दिन: तैयारी पूरी, उत्साहित के साथ नर्वस भी छात्र; छात्रों ने साझा किया अनुभव


नई दिल्ली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हुईं। सुबह से ही छात्र इसे लेकर उत्साहित और नर्वस भी नजर आए। केंद्रीय विद्यालय गोले मार्केट में परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षार्थियों की लंबी कतार दिखी।

पेपर को लेकर छात्रों में उत्सुकता और तनाव दोनों देखने को मिला। एक छात्र ने आईएएनएस से कहा, “यह मेरा पहला बोर्ड पेपर है, इसलिए घबराहट हो रही है, लेकिन मैं खुश भी हूं।” वहीं एक अन्य छात्र ने बताया, “तैयारी पूरी है, फिर भी थोड़ा नर्वस महसूस कर रहा हूं।”

शहर के अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी इसी तरह का माहौल रहा। सर्वोदय कन्या बाल विद्यालय तुगलकाबाद में अलग-अलग स्कूलों के छात्र परीक्षा देने पहुंचे। एक छात्र ने कहा, “मंगलवार को 10वीं बोर्ड का गणित पेपर है। तैयारी अच्छी है, लेकिन घबराहट भी है।” वहीं एक अन्य छात्र ने भरोसे के साथ कहा, “हमने ठीक से पढ़ाई की है, सब अच्छा होगा।”

नोएडा के परीक्षा केंद्र पर पहुंचे एक छात्र ने कहा, “मैंने भी सैंपल पेपर सॉल्व किए हैं। मेरी मैथ्स थोड़ी कमजोर है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि मैं लगभग 70 मार्क्स स्कोर करूंगा।”

परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ देखी गई, जो अपने बच्चों का हौसला बढ़ाते नजर आए। प्रशासन की ओर से परीक्षा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। छात्रों के प्रवेश से लेकर दिशानिर्देशों के पालन तक हर पहलू पर सख्ती बरती गई।

पहले दिन का माहौल उत्साह, उम्मीद और हल्की चिंता से भरा रहा। छात्रों ने बताया कि वे इस महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर गंभीर हैं, लेकिन आत्मविश्वास भी बनाए हुए हैं। कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य की दिशा तय करने वाला अहम पड़ाव मानी जाती है।

–आईएएनएस

वीकेयू/एएस


Show More
Back to top button