यूएई के परमाणु संयंत्र पर‍िसर में ड्रोन हमले के बाद लगी आग, कोई हताहत नहीं


अबू धाबी, 17 मई (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात के अल धफरा क्षेत्र में स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट के परिसर में रविवार को एक ड्रोन हमले के बाद आग लग गई। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने एक्‍स पर बताया कि बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट के बाहरी क्षेत्र में स्थित एक इलेक्ट्रिकल जनरेटर में आग लग गई, जो एक ड्रोन हमले के कारण हुई थी। यह आग संयंत्र की भीतरी परिधि के बाहर लगी थी।

संघीय परमाणु नियामक प्राधिकरण (एफएएनआर) ने भी पुष्टि की कि आग से संयंत्र की सुरक्षा या उसके जरूरी सिस्टम पर कोई असर नहीं पड़ा है और सभी यूनिट सामान्य रूप से काम कर रही हैं। सभी जरूरी एहतियाती कदम उठा लिए गए हैं और लोगों से अपील की गई है कि वे सिर्फ आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें और अफवाहों से बचें।

बयान में ड्रोन हमले के स्रोत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।

5 मई को यूएई ने कहा था कि उसके कुछ क्षेत्रों पर ईरान से दागी गई मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया गया, लेकिन ईरान की सैन्य कमान ने इस आरोप से इनकार किया था।

ईरानी अधिकारियों ने यूएई के उन आरोपों को भी खारिज किया था, जिनमें ईरान पर हमले करने का दावा किया गया था। उन्होंने कहा था कि यूएई को अमेरिका और इजरायल की किसी रणनीति के जाल में नहीं फंसना चाहिए।

3 अप्रैल को यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने 18 बैलिस्टिक मिसाइल, 4 क्रूज मिसाइल और 47 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया था, जो ईरान की तरफ से लॉन्च किए गए थे।

मंत्रालय के अनुसार, अब तक कुल 475 बैलिस्टिक मिसाइल, 23 क्रूज मिसाइल और 2,085 ड्रोन को एयर डिफेंस सिस्टम से रोका जा चुका है।

–आईएएनएस

एवाई/वीसी


Show More
Back to top button