फिल्म निर्माता किरण राव ने सीएम देवेंद्र फडणवीस से की मुलाकात, 'फार्मर कप' पर चर्चा


मुंबई, 16 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता किरण राव ने पानी फाउंडेशन द्वारा आयोजित होने वाले फार्मर कप के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की।

उन्होंने फार्मर कप के जरिए किसानों को लाभ पहुंचाने के बारे में सीएम से बात की, और फिल्ममेकर का कहना है कि सरकार के साथ हम मिलकर किसानों के लिए काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद फिल्ममेकर किरण राव ने कहा, “प्रदेश सरकार के साथ बातचीत बहुत अच्छी रही और हम सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। फार्मर कप के लिए काम बहुत अच्छे स्तर पर किया जा रहा है, जिसका आयोजन इसी साल होगा। बातचीत बहुत अच्छी रही और हम पूरे महाराष्ट्र को इससे जोड़ने की कोशिश करेंगे।”

पानी फाउंडेशन द्वारा ‘सत्यमेव जयते फार्मर कप’ का पहली बार आयोजन साल 2022 में किया गया था, जिसमें महाराष्ट्र की अलग-अलग तालुका में किसानों को टिकाऊ खेती और अधिक लाभ कमाने के लिए प्रेरित किया गया था। इसमें पानी फाउंडेशन से जुड़े किसान समूहों के बीच अच्छी और टिकाऊ खेती को लेकर एक प्रतियोगिता होती है। इसमें किसानों को सामूहिक और वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण देते हैं और उसके बाद प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिता का आयोजन भी करते हैं, जिससे किसान नई तकनीक को समझने के लिए प्रेरित हों।

साल 2026 में कोशिश की जा रही है कि पूरे महाराष्ट्र में इसका आयोजन कराया जाए और 2 लाख से अधिक किसान परिवारों को अपनी आय दोगुनी करने और पारिस्थितिक एवं आर्थिक समृद्धि की ओर बढ़ने में सक्षम बनाने का लक्ष्य भी रखा गया है।

बता दें कि पानी फाउंडेशन फिल्म अभिनेता आमिर खान और किरण राव द्वारा संचालित एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो किसानों और पर्यावरण के लिए काम करती है। इसका उद्देश्य महाराष्ट्र के किसानों को खेती की नई तकनीक से अवगत करा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस संस्था को साल 2016 में महाराष्ट्र को सूखा मुक्त कराने के उद्देश्य से स्थापित किया गया था। हालांकि, बाद में किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों पर फोकस किया जाने लगा।

–आईएएनएस

पीएस/डीकेपी


Show More
Back to top button