फीफा विश्व कप: स्पेन और पुर्तगाल की नजर नॉकआउट दौर में दमदार शुरुआत पर


नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में शुक्रवार को स्पेन और पुर्तगाल का मुकाबला है। स्पेन का मुकाबला ऑस्ट्रिया से, जबकि पुर्तगाल का क्रोएशिया से होना है। दुनियाभर के फुटबॉल फैंस की नजर इन दोनों मैचों पर है।

स्पेन की टीम 2010 में विश्व कप जीतने के बाद पहली बार नॉकआउट चरण में जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी। लुइस डी ला फुएंते की टीम का ऑस्ट्रिया के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। स्पेन पिछले पांच मुकाबलों में ऑस्ट्रिया से नहीं हारा है और पिछले दो मैचों में उसने चार-चार गोल दागे हैं। ऑस्ट्रिया ने स्पेन को आखिरी बार 1990 के एक मैत्री मैच में 3-2 से हराया था। ऑस्ट्रिया भी शुक्रवार (भारतीय समयानुसार 12:30 बजे एएम) को स्पेन के खिलाफ अपना रिकॉर्ड बेहतर करते हुए जीत दर्ज करना चाहेगी।

स्पेन के लिए अच्छी खबर यह है कि युवा स्टार लामिन यामल पूरी तरह फिट हैं और पूरे मुकाबले के लिए उपलब्ध हैं। येरेमी पिनो और विक्टर मुनोज भी चोट से उबर चुके हैं। पिनो ने ग्रुप चरण के दौरान कंधे की चोट से तेजी से वापसी की है, जबकि मुनोज मांसपेशियों की समस्या के कारण ग्रुप स्टेज में नहीं खेल सके थे।

दूसरी ओर, पुर्तगाल के सामने क्रोएशिया की कड़ी चुनौती है। लुका मोड्रिक की अगुआई वाली क्रोएशिया की टीम पुर्तगाल के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है। पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और मोड्रिक दोनों अपना छठा और संभवतः आखिरी विश्व कप खेल रहे हैं। ऐसे में दोनों मुकाबले में जीत कर अपनी टीम के लिए राउंड ऑफ 16 की जगह पक्की करना चाहेंगे और अपने पहले विश्व कप जीतने के सपने के थोड़ा और करीब जाना चाहेंगे। ऐसे में दोनों टीमों के लिए राउंड ऑफ 32 का यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। पुर्तगाल और क्रोएशिया का मुकाबला शुक्रवार को (भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 से) होना है।


Show More
Back to top button