कोंकण में आम-काजू की फसल बर्बाद होने पर किसानों का प्रदर्शन, राजू शेट्टी समेत 11 नेताओं को नोटिस


मुंबई, 15 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में बेमौसम बारिश, जलवायु परिवर्तन और तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण आम और काजू की फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। इसी मुद्दे को लेकर स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष और पूर्व सांसद राजू शेट्टी के नेतृत्व में शुक्रवार को मुंबई में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।

किसानों का दावा है कि कई इलाकों में 80 से 90 प्रतिशत तक फसल बर्बाद हो गई है, जिससे बागवानों और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदर्शन को लेकर मुंबई पुलिस ने राजू शेट्टी समेत संगठन के 11 नेताओं को नोटिस जारी किया है।

राजू शेट्टी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। उनका कहना है कि फसल बर्बादी के बावजूद किसानों को पर्याप्त सहायता और मुआवजा नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कोंकण क्षेत्र के आम और काजू उत्पादक किसान इस समय भारी संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

इसी के विरोध में गिरगांव चौपाटी पर प्रदर्शन किया गया। इसके बाद एक विरोध मार्च भी निकाला जाना था, जो गिरगांव से शुरू होकर मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ तक जाने वाला था। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसानों और संगठन के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना जताई गई।

किसानों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और लगातार बदलते मौसम के कारण फसल उत्पादन पर गंभीर असर पड़ रहा है। आम और काजू की खेती पर निर्भर हजारों परिवार आर्थिक संकट में हैं। किसानों ने सरकार से तत्काल सर्वे कराने, नुकसान का उचित आकलन करने और प्रभावित किसानों को आर्थिक मदद देने की मांग की है।

इस बीच, मुंबई पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐतियातन कदम उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी।

–आईएएनएस

एसएचके/वीसी


Show More
Back to top button