डांस की शौकीन फरीदा जलाल को फिल्मों में नहीं मिला नाचने का मौका, स्कूल से संजो लिए थे अभिनेत्री बनने के सपने


मुंबई, 14 मार्च (आईएएनएस)। 60 के दशक से लेकर आज तक हिंदी सिनेमा पर अपनी खूबसूरती और प्यारी सी मुस्कान से सबका दिल जीतने वाली फरीदा जलाल आज अपना 77वां जन्मदिन मना रही हैं।

अभिनेत्री हिंदी सिनेमा में मुख्य अभिनेत्री बनने का सपना लेकर आई थी लेकिन सहायक किरदारों में सिमटकर रह गईं। उन्होंने बहन, मंगेतर, मां और सहेली के किरदार किए लेकिन मुख्य किरदार में बहुत कम ही नजर आईं। हालांकि छह दशक से अधिक के करियर में उनके निभाए सहायक किरदार ही उनकी पहचान बने।

अभिनेत्री के जन्मदिन के मौके पर राजश्री ने अभिनेत्री का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वे अपने बचपन की स्मृतियों को याद कर रही हैं। फरीदा जलाल का बचपन बहुत अच्छा बीता था और उनकी पढ़ाई भी प्राइवेट स्कूल से हुई थी। हालांकि उन्हें और उनके बड़े भाई को माता-पिता का प्यार एक साथ नहीं मिला। फरीदा बताती हैं कि उनके माता-पिता का तलाक हो गया था लेकिन फिर भी दोनों को अच्छे स्कूलों में शिक्षा दिलाई गई और स्कूल से ही उनके फिल्मी करियर की शुरुआत हुई।

दरअसल, स्कूल में होने वाले फंक्शन में अभिनेत्री को हमेशा भारतीय डांसर के तौर पर चुना जाता था। फरीदा स्कूल में बहुत अच्छा डांस करती थीं लेकिन संयोग ऐसा रहा कि डांस की शौकीन रही फरीदा को कभी भी फिल्मों में डांस करने का मौका नहीं मिला। उन्होंने बताया कि स्कूल के बाद फिल्मफेयर के यूनाइटेड प्रोड्यूसर्स टैलेंट हंट में हिस्सा लिया, जहां पहली बार 12 कैमरों के सामने स्क्रिप्ट पढ़ने का मौका मिला। उस वक्त स्कूल से निकली बच्ची के लिए सभी सवालों को फेस करना मुश्किल था लेकिन फिर भी फरीदा ने अच्छे से इम्प्रेस करके फाइनल में जगह बनाई और फिर उन्हें मिली उनकी पहली फिल्म ‘तकदीर’।

बहुत कम लोग जानते हैं कि फरीदा का सरनेम जलाल नहीं शमी था। स्कूल में उनका पूरा नाम फरीदा शमी था लेकिन फिल्मों में आने के बाद उन्होंने अपना उपनाम जलाल कर लिया। उस वक्त के निर्माताओं का मानना था कि शमी उनकी पर्सनैलिटी के साथ नहीं जाता, जिसके बाद उन्होंने उपनाम जलाल रखने का फैसला लिया था। 200 से अधिक फिल्मों में काम करने वाली फरीदा आज भी फिल्मों में सक्रिय हैं और आखिरी बार उन्हें हालिया रिलीज ओ रोमियो में देखा गया।

–आईएएनएस

पीएस/पीएम


Show More
Back to top button