महाराष्ट्र के नायगांव में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस ने दर्ज किया मामला


दौंड, 21 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नायगांव गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां घर के बंटवारे को लेकर बेटे ने अपने ही माता-पिता पर हमला कर दिया। इस चौंकाने वाली घटना के बाद दौंड पुलिस थाने में बेटे और बहू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना नायगांव में उस समय हुई जब शिकायतकर्ता सौ. मालण संजय काले (50) अपने पति संजय प्रितीलाल काले के साथ घर के सामने खड़ी थीं। इसी दौरान उनका बेटा अमोल संजय काले और बहू प्रियंका अमोल काले वहां पहुंचे और घर के हिस्से को लेकर विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि अमोल काले ने अपने माता-पिता से कहा कि वे जिस घर में रह रहे हैं, वह उसे रहने के लिए दे दें। लेकिन जब माता-पिता ने इस मांग को ठुकरा दिया, तो वह गुस्से में आ गया और हाथ में मौजूद लकड़ी की लाठी से अपने पिता पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने अपने पिता के सिर, पीठ और हाथ पर वार किए।

इस दौरान जब शिकायतकर्ता मालण काले जब बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी अमोल काले और उसकी पत्नी प्रियंका काले ने शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।

इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने दौंड पुलिस थाने में शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 118(1), 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

फिलहाल मामले की जांच पुलिस हवलदार म्हेत्रे द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

–आईएएनएस

पीएसके


Show More
Back to top button